Sat. Jul 27th, 2024

समिति प्रबंधकों के विरोध के बाद भी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी एक नवंबर से शुरू होगी। इसके लिए कम्प्यूटर ऑपरेटर को धान खरीदी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कृषक सेवा सहकारी समिति घुमका ने तैयारी पूरी कर ली है। अब तक यहां धान बेचने के लिए 2277 किसानों ने पंजीयन करा लिया है। इस सहकारी के अंतर्गत कुल 11 गांव घुमका, देवादा, हरडुवा, सलोनी, गोपालपुर, रीवागहन, औरदा, भटगांव खैरा, गिधवा, भरदा के किसान यहां धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है। समिति के पर्यवेक्षक गजेंद्र भारद्वाज ने बताया कि समिति प्रबंधकों ने धान खरीदी से हाथ खींच लिए। उनकी मांग है कि खरीदे गए धान पर सूखत की वसूली समिति प्रबंधक से नहीं की जाए। सुरक्षा भंडारण की राशि 12 से 30 रुपए किया जाए। खरीदी पर कमीशन को 30 से 50 रुपए किया जाए। मांगों को शासन ने अभी तक नहीं मानी है इसलिए समिति प्रबंधक एक नवंबर से धान खरीदी मे अपनी भागीदारी नहीं निभाएंगे। शासन ने कंप्यूटर ऑपरेटर को धान खरीदी के लिए अधिकृत किया है। जिसके लिए आदेश भी जारी कर दिया गया है। यहां के कम्प्यूटर ऑपरेटर पूनम यादव धान खरीदी की तैयारी में जुटे हुए हैं। सॉफ्टवेयर को स्थापित करने का कार्य रविवार छुट्टी के दिन में किया गया। बताया गया कि सॉफ्टवेयर स्थापित होने के बिना धान की खरीदी किया जाना मुश्किल होगा।

Spread the love

Leave a Reply