महर्षि वाल्मीकि, लव-कुश अथवा स्वतंत्रता सेनानी पंडित राजकुमार शुक्ल के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापना की माँग
apnibaat.org
बेतिया: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बेतिया आगमन पर भाजयुवामो नेता अभिषेक यादव ने पश्चिम चम्पारण में विश्वविद्यालय की स्थापना की माँग सम्बंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री को सौंपा। अभिषेक यादव ने माँगपत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री का ध्यान पश्चिम चम्पारण की चिर प्रतीक्षित शैक्षणिक समस्या की ओर आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं राजनीतिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण जिला होने के पश्चात भी पश्चिम चम्पारण में राज्य स्तरीय विश्वविद्यालय नहीं है। उन्होंने वाल्मीकिनगर, हरनाटांड़, धनहा, सिकटा एवं मैनाटांड़ जैसे सुदूरवर्ती क्षेत्रों के हजारों गरीब एवं ग्रामीण विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, परीक्षा, परिणाम एवं प्रमाण पत्र जैसे छोटे-छोटे कार्यों के लिए लगभग 200 किलोमीटर दूर मुजफ्फरपुर जाना पड़ता है। इससे विद्यार्थियों का समय और राशि दोनों बर्बाद होते हैं तथा उनकी पढ़ाई भी प्रभावित होती है।
उन्होंने ने कहा कि पश्चिम चम्पारण महर्षि वाल्मीकि की तपोभूमि और लव-कुश की जन्मस्थली के लिए विख्यात है।यह ऐतिहासिक भूमि है, जहां के चम्पारण सत्याग्रह के केंद्र रहे पंडित राजकुमार शुक्ल ने महात्मा गाँधी को चम्पारण लाकर देश के पहले सत्याग्रह सम्पन्न कराया। जिस चम्पारण ने देश को आजादी की राह दिखाई, आज उसी चंपारण के विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए संघर्ष करने को विवश हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि पश्चिम चम्पारण में महर्षि वाल्मीकि, लव-कुश अथवा स्वतंत्रता सेनानी पंडित राजकुमार शुक्ल के नाम पर एक विश्वविद्यालय की स्थापना की तत्काल घोषणा करें, जिससे जिला के हजारों विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल सके।
Post Views: 2
