भारत का संविधान विभिन्न धर्म, भाषा एवं संस्कृति से जुड़े करोड़ों लोगों को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करता है : गोविन्द कुमार ठाकुर
सशस्त्र सीमा बल का भारतीय संविधान दिवस पर विशेष कार्यक्रम

apnibaat.org
बेतिया : सशस्त्र सीमा बल मुख्यालय नई दिल्ली के निर्देशानुसार सशस्त्र सीमा बल 44 वीं वाहिनी नरकटियागंज के मुख्यालय एवं सभी सीमा चौकी में संविधान दिवस पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट गोविंद कुमार ठाकुर के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन के साथ किया गया। इस अवसर पर वाहिनी के पदाधिकारियों एवं जवानों ने भारतीय संविधान के मूल सिद्धांत एवं संवैधानिक मूल्य के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त किया। इस अवसर पर कार्यवाहक कमांडेंट गोविंद कुमार ठाकुर ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। संविधान प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व जैसे मौलिक आदर्शों के प्रति जागरुक एवं प्रतिबद्ध रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान एवं जागृति बढ़ाना है। कार्यक्रम के क्रम में सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्यालयों एवं गाँव में संविधान के प्रति जागरुकता अभियान संचालित किया गया। इसके अंतर्गत वहाँ के नागरिकों एवं विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, मौलिक अधिकार तथा कर्तव्य के संसम्बंध में जानकारी दी गई।

श्री ठाकुर ने यह भी कहा कि भारत का संविधान विभिन्न धर्म, भाषा एवं संस्कृति से जुड़े करोड़ों लोगों को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करता है। संवैधानिक मूल्यों का सम्मान एवं उनका पालन ही समरस एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण का आधार है। उपर्युक्त कार्यक्रम के माध्यम से 44 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ने सीमावर्ती क्षेत्र के नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं संवैधानिक जागरुकता को बढ़ावा देने का संदेश दिया। उपर्युक्त कार्यक्रम में ज्ञानेंद्र कुमार उप कमांडेंट, सहायक कमांडेंट रामवीर कुमार, सहायक कमांडेंट संचार रियास पी सहित सभी बलकर्मियों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया l
Post Views: 5

