Fri. Oct 30th, 2026
मंजय लाल सत्यम/apnibaat.org

बेतिया: पश्चिम चम्पारण जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक महारानी जानकी कुँवर महाविद्यालय के खेल विभाग ने ‘महारानी जानकी प्रीमियर कप–2026’ का प्रथम संस्करण का श्रीगणेश गुरुवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता का श्रीगणेश महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य का दायित्व निभा रहे डॉ. राजेश चंदेल ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के खेल परिषद अध्यक्ष डॉ. गौतम कुमार ने प्रतियोगिता के उद्देश्य एवं भविष्य की योजना पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महारानी जानकी प्रीमियर कप का आयोजन केवल क्रिकेट प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका प्रमुख उद्देश्य महाविद्यालय में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान करना, उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण प्रदान करना तथा विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित अंतर-महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिताओं के लिए एक सशक्त एवं संतुलित टीम तैयार करना है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामूहिक उत्तरदायित्व, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि महारानी जानकी प्रीमियर कप को प्रत्येक वर्ष आयोजित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे महाविद्यालय में क्रिकेट की एक स्थायी एवं सशक्त खेल संस्कृति विकसित हो सके। चार दिवसीय प्रतियोगिता में 8 टीम शामिल हो रही है। इसके लिए प्रतियोगिता के ग्रुप ए में एमजेके रॉयल, एमजेके स्ट्राइकर, एमजेके वारियर्स,एमजेके पैंथर्स ग्रुप बी में एमजेके ब्लास्टर्स, एमजेके थंडर, एमजेके मावेरिक्स, एमजेके टाइटन की टीम शामिल हो रही है। जिसके  माध्यम से खिलाड़ियों के वास्तविक प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को महाविद्यालय की प्रतिनिधि टीम में स्थान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों का चयन केवल व्यक्तिगत दावा अथवा पूर्व उपलब्धिय के आधार पर नहीं, बल्कि मैदान पर उनके प्रदर्शन, अनुशासन, टीम भावना और क्रीड़ा-कौशल के आधार पर किया जाना चाहिए। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. राजेश चंदेल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ परस्पर सहयोग, अनुशासन एवं खेल भावना को आत्मसात करने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए खेल विभाग के प्रयास की प्रशंसा किया तथा सभी प्रतिभागियों को शुभकामना दिया। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला एम.जे.के. वॉरियर्स और एम.जे.के. स्ट्राइकर्स के बीच खेला गया। टी-टेन प्रतियोगिता के दस-दस ओवर के इस रोमांचक मुकाबले में एम.जे.के. वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत लिया। वॉरियर्स टीम के कप्तान ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों क्षेत्रों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने तीन ओवर के गेंदबाजी स्पेल में मात्र 8 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट प्राप्त किया तथा बल्लेबाजी में 12 रन का योगदान दिया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें प्रतियोगिता के पहले मुकाबले का ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया। कप्तान के इस प्रदर्शन ने टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाया। उद्घाटन समारोह एवं प्रतियोगिता के दौरान महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। इस अवसर पर डॉ. एच. रहमान, डॉ. योगेन्द्र सम्यक, डॉ. बरखा चपलोत, डॉ. तृप्ति वर्मा, डॉ. विकास कुमार, डॉ. विभाकर दुबे, डॉ. किशोरी लाल राम, डॉ. कामेश्वर कुमार, डॉ. वीरेश कुमार, डॉ. भावेश भार्गव, डॉ. जितेश कुमार, डॉ. प्रेम कुमार, डॉ. गहेन्द्र तिवारी, पुलकित एवं प्रीतम सहित अनेक शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा महाविद्यालय में खेल गतिविधियों को नियमित एवं व्यापक स्वरूप प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया। प्रतियोगिता का आयोजन नॉकआउट स्तरीय है, जिसमें प्रारंभिक मुकाबलों के बाद सेमीफाइनल एवं फाइनल खेले जाएँगे। खेल विभाग का प्रयास है कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से महाविद्यालय के प्रतिभाशाली क्रिकेट खिलाड़ियों को एक साझा मंच प्रदान किया जाए तथा भविष्य में विश्वविद्यालय एवं अन्य उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं में एम.जे.के. कॉलेज की प्रभावशाली भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

Spread the love

By Awadhesh Sharma

न्यूज एन व्यूज फॉर नेशन

Leave a Reply