
बंद सिनेमा हॉल में आगलगी से कितनी क्षति और आगलगी कैसे..?
apnibaat.org
बेतिया : पश्चिम चम्पारण जिला मुख्यालय बेतिया स्थित प्रसिद्ध लिबर्टी सिनेमा परिसर में रविवार रात अचानक आग लगने से क्षेत्र व आसपास में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुआँ दूर तक दिखने लगी। उपर्युक्त आगलगी की सूचना अग्निशमन (दमकल) विभाग को दी गई। नगर थाना के पास स्थित उपर्युक्त सिनेमा हॉल वर्षों से बंद पड़ा है उसमें आग लगी तो कैसे…यह प्रश्न लोगों के मन मस्तिष्क में कौध रहा है। वहाँ के निवासियों की माने तो कई वर्षों से सिनेमा हॉल बंद पड़ा है, जिसमें नशेड़ियों व लॉटरी-जुआ खेलने वालों का जमावड़ा रहता है। आमजन उनके भय से क़ुछ नहीं बोलते हैं, उनका कहना है कि इस सम्बंध में कई बार नगर थाना को मौखिक व लिखित शिकायत दी गई, अलबत्ता कोई कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों व नशेड़ियों का हौसला बुलंद है।
फिलहाल आग लगने की घटना के सम्बंध में क्षति और कारण ज्ञात नहीं हो सका है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की जाँच और आधिकारिक घोषणा से स्थिति स्पष्ट होगी कि बंद सिनेमा हॉल में आगलगी से कितनी क्षति हुई और आग कैसे लगी।
