Wed. Nov 4th, 2026

बेतिया, प.च. : जिला अंतर्गत चनपटिया नगर के विकास को लेकर लंबी दावा कर नगर वासियों को अपनी घोषणाएं और वादों का दिलासा देकर नगर पंचायत सिर्फ जमीन पर कागजी घोड़ा ही दौड़ा रहा है। बताते चले कि वर्ष 2022 में 01 अगस्त को पूरे तामझाम के साथ आरटीपीएस काउंटर का शुभारंभ नपं कार्यालय में किया गया। काउंटर शुभारंभ के दिन से ही बंद पड़ा है। प्रतिदिन नपं कार्यालय के काउंटर पर लोग पहुंचते हैं, लेकिन बंद देख बैरंग वापस लौट जाते हैं। सरकारी सिस्टम को कोसते नजर आते हैं। सबकुछ देखते हुए भी नपं प्रशासन के कानों में जू तक नहीं रेंग रही है। जबकि शुभारंभ के दौरान पदाधिकारी व जनप्रतिनिधियों ने बताया कि अब नगरवासियों को जाति, निवास समेत अन्य सुविधाओं के लिए प्रखंड मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। उनके प्रमाण पत्र सहित अन्य कागजात अब नपं कार्यालय में ही बनेंगे। जिसकी आस में नगरवासी आज भी टकटकी लगाकर बैठे हैं। बताया जा रहा है कि काउंटर का संचालन करने के लिए कर्मी की आजतक नियुक्ति ही नहीं हुई है।

काउंटर नहीं खुलने से प्रमाण पत्र बनवाने में हो रही परेशानी

नपं में आरटीपीएस काउंटर खुले 14 माह से ज्यादा बीतने को है। लेकिन उपर्युक्त काउंटर पर अभी तक कर्मी ही नियुक्त नहीं हुआ। आय, जाति, निवास का आवेदन लिए लोग आते तो हैं, मगर खाली हाथ लौट जाते हैं। पार्षद मुनीब महतो, मौसमी बिहारी, रवीन्द्र जायसवाल, लालमती देवी ने कहा कि जब से आरटीपीएस काउंटर खुला है, यह शोभा की वस्तु बनी है। आमजन परेशानी में है लेकिन सुनने वाला कोई नहीं है।

2022 में काउंटर खोलने के लिए आया पत्र

ज्ञात हो कि 15 जुलाई 2022 को ही नगर विकास एवं आवास विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी को नपं कार्यालय में काउंटर खोलने के लिए पत्र लिखा। पत्र में लोक सेवा का अधिकार (आरटीपीएस) अंतर्गत सेवाएं उपलब्ध कराए जाने को लेकर एक कंप्यूटर की व्यवस्था आंतरिक संसाधन मद अथवा अन्य अनुमान्य मद की राशि से निर्णय के आलोक में करने को कहा गया। जनप्रतिनिधियों ने भी उद्घाटन के दौरान लंबे-लंबे दावे कर इस पहल का स्वागत करते हुए कहा था कि नपं कार्यालय में काउंटर खुलने से बुजुर्गों एवं महिलाओं को नगर से दूर नहीं जाना पड़ेगा। उनके प्रमाण पत्र सहित अन्य कागजात अब कार्यालय में ही बन जाएंगे। लेकिन बंद पड़ा आरटीपीएस काउंटर शोभा की वस्तु बनी हुई है।

लक्ष्मण प्रसाद कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत चनपटिया ने कहा है कि बेल्ट्रॉन से नपं में ऑपरेटर की नियुक्ति नहीं हुई है। विभाग को पत्र लिखा गया है। नियुक्ति के पश्चात सेवाएं शुरू कर दी जाएगी।

Spread the love

By Awadhesh Sharma

न्यूज एन व्यूज फॉर नेशन

Leave a Reply

You missed