जिला शिक्षा कार्यालय बेतिया का औचक निरीक्षण तिरहुत प्रमण्डल मुजफ्फरपुर के क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक (आरडीडी) समर बहादुर सिंह ने किया

apnibaat.org
बेतिया : पश्चिम चम्पारण जिला मुख्यालय बेतिया स्थित जिला शिक्षा कार्यालय का औचक निरीक्षण सोमवार को तिरहुत प्रमण्डल मुजफ्फरपुर के क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक (आरडीडी) समर बहादुर सिंह ने किया। इस क्रम में उन्होंने स्थापना शाखा सहित विभाग के सभी संभाग के क्रियाकलाप की सघन समीक्षा किया। क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक समर बहादुर सिंह ने कार्यालय के कर्मियों से सीधा संवाद कर कार्य की वास्तविक स्थिति से अवगत हुए और लंबित मामला के शीघ्र निष्पादन को कड़ा निर्देश दिया। उपर्युक्त समीक्षा बैठक में जिला में शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के उल्लंघन का बड़ा मामला सामने आया। संभाग की नोडल पदाधिकारी सह एपीओ किरण दीप से मिली प्रतिवेदन के अनुसार पश्चिम चम्पारण जिला में 126 निजी विद्यालय बिना किसी प्रस्वीकृति (मान्यता) के विधि विरुद्ध संचालित हैं। जिनपर कड़ा प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पहली नोटिस की अवधि समाप्त होते ही इन स्कूलों पर दण्ड अधिरोपित करें। दूसरी व अंतिम नोटिस प्रेषित कर निर्धारित मानक पूरा नहीं करने वाले सभी विधि विरुद्ध संचालित विद्यालय को तुरंत बंद कराना सुनिश्चित करें। निरीक्षण के क्रम में आरडीडीई ने विभिन्न संभाग के प्रभारी के साथ बैठक किया। उन्होंने शिक्षकों के लंबित वेतन भुगतान, पेंशन तथा सेवानिवृत्ति लाभों से जुड़े मामलों का निष्पादन अविलम्ब करने, पटना उच्च न्यायालय में विचारार्थ विभिन्न वाद की अद्यतन स्थिति सुधारने और समय पर प्रत्युत्तर देने का निर्देश दिया। आरटीई अन्तर्गत निजी स्कूलों के पंजीयन तथा ज्ञानदीप पोर्टल से विद्यालयों को किये जाने वाले भुगतान की व्यवस्था सही करें। एमआईएस संभाग अंतर्गत मिशन कायाकल्प, यू-डायस (U-DISE) पोर्टल तथा ई-शिक्षाकोष की अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन की जाँच की गई। निरीक्षण के क्रम में उनके साथ एमआईएस प्रभारी अरुण कुमार ‘अकेला’ ने अपनी प्रगति प्र्तिवेदन प्रस्तुत किया। इस क्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार, डीपीओ स्थापना अखिल वैभव, डीपीओ समग्र शिक्षा दीपक कुमार सिन्हा और डीपीओ मध्याह्न भोजन कुमकुम पाठक आरडीडी शिक्षा मुजफ्फरपुर के साथ रहे।
Post Views: 1
