
दिलीप कुमार सुमन
जगदीशपुर : पश्चिम चम्पारण जिला के बेतिया पुलिस अंतर्गत जगदीशपुर थाना क्षेत्र के एक चौक पर संचालित एक दंत चिकित्सालय में उपचार के क्रम में 14 वर्षीया किशोरी की मौत होने से क्षेत्र में सनसनी है। मृतका झखरा बसवरिया वार्ड संख्या 4 निवासी महेंद्र चौधरी की पुत्री गुड़िया कुमारी (14 वर्ष) बताई गई है। परिजनों का कहना है कि दंत चिकित्सक के इंजेक्शन (सुई) लगाने के बाद किशोरी की स्थिति अचानक बिगड़ गई, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। उपर्युक्त घटना जिस दंत चिकित्सालय में हुई, उसका संचालन डॉ. सुकुमार बंगाली द्वारा किया जाना बताया गया है।जगदीशपुर थानाध्यक्ष नितेश कुमार ने बताया कि सम्बंधित चिकित्सक को पुलिस अभिरक्षा में ले रखा गया है। किशोरी के शव को पोस्टमॉर्टम (अंत्य शव परीक्षण) के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों से आवेदन प्राप्त होने के बाद विधि-सम्मत अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।पुलिस मामला की जाँच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जाँच के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जा सकेगी।
