पटना में प्राकृतिक खेती पर तीन दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम कृषि अनुसंधान परिसर सम्पन्न 
apnibaat.org
पटना: भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना में “प्राकृतिक खेती: सिद्धांत, पद्धतियाँ एवं किसानों के लिए अवसर” विषय पर आयोजित तीन दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन 20 नवंबर, 2026 को हुआ। बामेती, पटना द्वारा प्रायोजित इस कार्यक्रम में पटना, गया, नवादा, नालंदा, भोजपुर, सारण, औरंगाबाद एवं जहानाबाद जिलों के 31 किसानों एवं प्रसार कर्मियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती के सिद्धांतों एवं व्यावहारिक तकनीकों से परिचित कराना तथा मृदा स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और कृषि की टिकाऊ पद्धतियों को प्रोत्साहित करना था। इसके माध्यम से कृषि लागत कम करने, रासायनिक आदानों पर निर्भरता घटाने और किसानों की आय बढ़ाने की संभावनाओं पर भी जानकारी दी गई।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने प्राकृतिक खेती के विभिन्न सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी। प्रतिभागियों को जीवामृत, बीजामृत एवं घनजीवामृत जैसे प्राकृतिक आदानों की तैयारी और उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। फसल सुरक्षा के लिए आग्नेयास्त्र, ब्रह्मास्त्र एवं नीमास्त्र जैसे पारंपरिक प्राकृतिक उपायों के निर्माण एवं उपयोग की विधियां समझाई गईं। इसके अतिरिक्त, प्रक्षेत्र भ्रमण के माध्यम से विभिन्न तकनीकों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया गया, ताकि किसान इन विधियों को समझकर अपने खेतों में अपना सकें। समापन सत्र में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव साझा किए। उन्होंने प्राकृतिक आदानों की तैयारी, उनके उपयोग तथा प्रक्षेत्र में आयोजित प्रदर्शनों को विशेष रूप से उपयोगी बताया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण में सफल सहभागिता के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यकारी निदेशक डॉ. आशुतोष उपाध्याय ने प्राकृतिक खेती को टिकाऊ कृषि व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने किसानों से स्थानीय स्तर पर उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने तथा मृदा स्वास्थ्य के संरक्षण को अपनी कृषि पद्धतियों का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मृदा, पर्यावरण संरक्षण और कृषि लागत में कमी टिकाऊ कृषि के प्रमुख आधार हैं। साथ ही, उन्होंने किसानों से प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई तकनीकों एवं जानकारियों को अपने खेतों में अपनाने तथा अन्य किसानों को भी प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। इस अवसर पर डॉ. शिवानी, प्रधान वैज्ञानिक ने प्राकृतिक खेती की तकनीकों को किसानों के लिए उपयोगी बताते हुए इनके व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अंगीकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित कृषि पद्धतियां मृदा की उर्वरता बनाए रखने के साथ-साथ खेती को पर्यावरण अनुकूल एवं टिकाऊ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
कार्यक्रम में डॉ. कमल शर्मा, प्रभागाध्यक्ष, पशुधन एवं मात्स्यिकी प्रबंधन; डॉ. संजीव कुमार, प्रभागाध्यक्ष, फसल अनुसंधान तथा डॉ. उज्ज्वल कुमार, प्रभागाध्यक्ष, सामाजिक-आर्थिक एवं प्रसार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कुमारी शुभा, वरिष्ठ वैज्ञानिक ने किया तथा डॉ. अभिषेक कुमार, वैज्ञानिक ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
