व्यापारिक बाधा को दूर करने, सीमा पार व्यापार सहज व सरल बनाने और द्विपक्षीय आर्थिक साझेदारी सशक्त बनाने पर विस्तृत चर्चा सम्पन्न 
apnibaat.org
बीरगंज (नेपाल) : नेपाल और भारत के मध्य आर्थिक एवं व्यापारिक सम्बंधों को नई सशक्तता प्रदान करने तथा भविष्य की व्यापारिक साझेदारी का रोडमैप तैयार करने के उद्देश्य से मंगलवार 18 नवंबर 2026 को वीरगंज में ‘भारत–नेपाल आर्थिक सहयोग मंच 2026’ की एक संयुक्त संगोष्ठी का आयोजन किया गया। नेपाल युवा उद्यमी मंच (NYEF), वीरगंज चैप्टर और भारत के पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI) के इंडिया–नेपाल सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में उद्योग, व्यापार, बैंकिंग, लॉजिस्टिक्स और आतिथ्य क्षेत्र के प्रतिनिधि शामिल हुए। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का प्रस्तावित भारत भ्रमण के पूर्व पहले आयोजित इस मंच को दोनों देशों के आर्थिक सम्बंध के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रस्तावित यात्रा के दौरान भौतिक बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा और घोषणाओं की उम्मीद है। इनमें नए हवाई मार्ग, जनकपुर–अयोध्या के बीच सीधी रेल सेवा तथा भोटेकोशी बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों में भारत के सहयोग जैसे मुद्दे शामिल हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता भारत के महावाणिज्यदूत देवी सहाय मीना ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के साथ द्विपक्षीय व्यापार लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत बनाने में जनस्तर के आपसी संपर्क और संवाद को महत्वपूर्ण बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन पर जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता NYEF वीरगंज चैप्टर के अध्यक्ष चंदन सिंह ने की। उन्होंने स्वागत भाषण के माध्यम से अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन चैप्टर के सदस्य मोहित अग्रवाल ने किया।
PHDCCI इंडिया–नेपाल सेंटर के वरिष्ठ सचिव अतुल के. ठाकुर ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आर्थिक सुधार और सुशासन के संयुक्त प्रयासों से नेपाली अर्थव्यवस्था में व्यापक बदलाव लाया जा सकता है। इसके लिए नेपाल में सभी व्यवसायियों को समान प्रतिस्पर्धा का अवसर उपलब्ध कराना नीतिगत प्राथमिकता होनी चाहिए।
सीमा पार व्यापार की समस्याएं प्रमुखता से उठीं
चर्चा के दौरान उद्योग एवं व्यापार जगत के प्रतिनिधियों ने सीमा पार कारोबार में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों और उनके समाधान पर अपने सुझाव रखे।
नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ, मधेश प्रदेश के निवर्तमान अध्यक्ष अशोक टेमानी ने सीमावर्ती क्षेत्रों के बेहतर प्रबंधन की आवश्यकता बताते हुए कहा कि सीमा क्षेत्र की अर्थव्यवस्था नेपाल के आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार है। इसके लिए भारत और नेपाल के बीच और अधिक प्रभावी सहयोग जरूरी है।
वीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष माधव राजपाल ने नेपाली निर्यात को प्रभावित करने वाली गैर-शुल्क बाधाओं और सीमा पार अवैध आवागमन का मुद्दा उठाया। उन्होंने अनौपचारिक व्यापारिक गतिविधियों को नियंत्रित एवं व्यवस्थित करने पर भी जोर दिया।
नेपाल औषधि उत्पादक संघ (APPON) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रभात रुंगटा ने कहा कि भारत से चीनी निर्यात पर प्रतिबंध जैसे नीतिगत फैसलों का असर नेपाल के औषधि उद्योग पर पड़ सकता है। उन्होंने दोनों देशों के बीच हार्मोनाइज्ड सिस्टम (HS) कोड में एकरूपता स्थापित करने की आवश्यकता बताई।
नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ, मधेश प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष गणेश लाठ ने व्यापारिक संबंधों को मजबूत बनाने के लिए बेहतर कनेक्टिविटी, उत्पादकता और आपसी विश्वास को आवश्यक बताया।
वहीं, NYEF वीरगंज चैप्टर के पूर्व अध्यक्ष अनुप अग्रवाल ने युवा पीढ़ी में निवेश की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने नेपाल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर बढ़ाने के लिए भारत के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों को नेपाल में भी अपनी उपस्थिति बढ़ाने का सुझाव दिया।
व्यापारिक प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण पर जोर
खुले विचार-विमर्श सत्र में प्रतिभागियों ने सीमा पार व्यापार और व्यवसाय संचालन में आने वाली समस्याओं पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने व्यापारिक प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल प्रणाली के विस्तार तथा प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण को आवश्यक बताया।
इस दौरान भारत के वीरगंज स्थित महावाणिज्य दूतावास के वाणिज्य प्रतिनिधि मनीष दुधपुरी ने व्यवसायियों द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब दिया। उन्होंने नेपाल–भारत सीमा के माध्यम से होने वाले व्यापार को सुगम बनाने के लिए लागू नए प्रावधानों और व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी।
आयोजकों के अनुसार, इस मंच के माध्यम से उद्योग जगत और नीतिनिर्माताओं के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ। प्रतिभागियों द्वारा उठाए गए मुद्दों और दिए गए सुझावों को भविष्य की नीतियों एवं व्यावहारिक सुधारों के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।
कार्यक्रम से उम्मीद जताई गई कि दोनों देशों के बीच व्यापारिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने, नए व्यावसायिक अवसर विकसित करने और निवेश को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी। साथ ही, नेपाल–भारत के प्रमुख व्यापारिक सीमा नाके के निकट स्थित वीरगंज के औद्योगिक एवं व्यावसायिक विकास को भी नई गति मिल सकती है।भारत से रक्सौल के प्रतिष्ठित व्यवसायी महेश अग्रवाल ने भी अपने विचारों का आदान-प्रदान किया। भारत नेपाल संबंधों पर उनकी बहुत अच्छी पकड़ है साथ ही उनका भारत नेपाल व्यावसायिक संबंधों पर भी अच्छा खासा अनुभव है।
