कृषि अनुसंधान परिसर, पटना में विशेषज्ञों ने प्राकृतिक खेती अपनाने को बताया टिकाऊ कृषि का आधार
apnibaat.org
पटना: भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना में “प्राकृतिक खेती: सिद्धांत, पद्धतियाँ एवं किसानों के लिए अवसर” विषय पर तीन दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ दिनांक 18 नवंबर, 2026 को हुआ। बामेती, पटना द्वारा प्रायोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती के मूल सिद्धांतों एवं व्यावहारिक पद्धतियों की जानकारी प्रदान करना तथा मृदा स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। साथ ही, प्राकृतिक खेती के माध्यम से कृषि लागत में कमी लाने और किसानों की आय में वृद्धि के अवसरों से अवगत कराना भी इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में पटना, गया, नवादा, नालंदा, भोजपुर, सारण, औरंगाबाद एवं जहानाबाद जिलों से कुल 31 किसान एवं प्रसार कर्मी भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यकारी निदेशक डॉ. आशुतोष उपाध्याय ने कहा कि वर्तमान कृषि परिदृश्य में मृदा स्वास्थ्य का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। लंबे समय तक रासायनिक उर्वरकों एवं अन्य कृषि रसायनों के उपयोग से मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के साथ-साथ स्थानीय संसाधनों पर आधारित कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मृदा ही टिकाऊ कृषि उत्पादन की आधारशिला है।
बामेती, पटना के निदेशक श्री पवन कुमार ने प्राकृतिक खेती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग कर खेती की लागत कम करने तथा मृदा की उर्वरता एवं जैविक गतिविधियों को बनाए रखने की दिशा में प्रयास करना आवश्यक है। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती की विभिन्न पद्धतियों को अपनाने तथा रासायनिक आदानों पर निर्भरता कम करने के लिए प्रेरित किया।
बामेती, पटना के उप निदेशक (उद्यान) रणजीत प्रताप पंडित ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से मृदा एवं पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। मिट्टी की बिगड़ती गुणवत्ता को देखते हुए अब प्राकृतिक खेती की ओर लौटना समय की आवश्यकता है। उन्होंने किसानों से स्थानीय संसाधनों पर आधारित प्राकृतिक खेती की पद्धतियों को अपनाने तथा कृषि को पर्यावरण के अनुकूल बनाने की अपील की। पाठ्यक्रम निदेशक डॉ. शिवानी ने प्राकृतिक खेती की विभिन्न व्यावहारिक पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जीवामृत, बीजामृत एवं घनजीवामृत जैसे प्राकृतिक आदानों की तैयारी एवं उपयोग के बारे में बताया। साथ ही, फसल सुरक्षा के लिए आग्नेयास्त्र, ब्रह्मास्त्र एवं नीमास्त्र जैसे पारंपरिक प्राकृतिक उपायों की उपयोगिता एवं उनकी निर्माण विधि पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों से तैयार इन आदानों के उपयोग से खेती की लागत कम करने तथा रासायनिक आदानों पर निर्भरता घटाने में सहायता मिल सकती है। इस अवसर पर डॉ. संजीव कुमार, प्रभागाध्यक्ष, फसल अनुसंधान तथा डॉ. उज्ज्वल कुमार, प्रभागाध्यक्ष, सामाजिक-आर्थिक एवं प्रसार ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने प्राकृतिक खेती के महत्व, इसकी व्यावहारिक उपयोगिता तथा किसानों के बीच इसके प्रभावी प्रसार की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रचना दूबे, वरिष्ठ वैज्ञानिक ने किया, जबकि डॉ. गौस अली, वैज्ञानिक ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
