गाँजा व चरस जैसा मादक पदार्थ के साथ माँ बेटा गिरफ्तार, मादक पदार्थ बरामद

apnibaat.org
बिहार में पश्चिम चम्पारण जिला के बेतिया पुलिस अंतर्गत कुमारबाग थाना क्षेत्र के जबदौल गांव में किराना दुकान में गांजा और स्मैक की पुड़िया विक्री का मामला उजागर हुआ है। सूत्र बताते हैं कि गाँजा, चरस, स्मैक और ब्राउन सुगर विक्री का कारोबार परोक्षतः लगभग प्रत्येक क्षेत्र में हो रहा है। जिसके सर्वाधिक शिकार और अवैध कारोबार के ग्राहक किशोर व नवयुवक हैं। पुलिस के अनुसार उन्हे गुप्त मिली, जिसपर कार्रवाई करते हुए कुमारबाग थाना की पुलिस ने बुधवार की सुबह छापामारी कर एक दूकान से गाँजा और स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद किया।
उल्लेखनीय है कि दुकान संचालक सनी कुमार (24 वर्ष) और उसकी मां गीता देवी (45वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सनी मादक पदार्थ की आपूर्ति के समय उसकी माँ दुकान से पुड़िया की बिक्री करती रही। जबदौल गाँव स्थित किराना दुकान से गाँजा जैसे मादक पदार्थ की बिक्री की सूचना का सत्यापन कर कुमारबाग थानाध्यक्ष पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दुकान पर छापामार कर मादक पदार्थ बरामद करते हुए माँ-बेटा को गिरफ्तार किया। दूकान जाँच के क्रम में दूकान से छोटी छोटी पुड़िया में रखा 1.140 किलोग्राम गाँजा बरामद किया। उसके अतिरिक्त पुड़िया के रुप में तीन ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ भी बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार माँ-बेटा से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस सूखा नशा की आपूर्ति करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने के उद्देश्य से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर रही है। थानाध्यक्ष पंकज कुमार के अनुसार बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर काण्ड अंकित किया गया है। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायालय को सौंप दिया गया। पुलिस की प्रारंभिक जाँच में यह स्पष्ट हुआ है कि किराना दुकान की आड़ में लंबे समय से स्मैक और अन्य मादक पदार्थ का व्यवसाय किया जाता रहा है। पुलिस को आशंका है कि दुकान पर आने वाले ग्राहक को किराना सामान के साथ मादक पदार्थों की पुड़िया भी बेची जाती रही। पुत्र के बाहर से माल लाने के क्रम में उसकी माँ दुकान संचालन करती रही। जनश्रुति के अनुसार प्रतिदिन शाम में दुकान पर नशेड़ियों की भीड़ लगती रही। गाँव के कुछ सभ्य लोगों ने उसका विरोध भी किया।
Post Views: 1
