
apnibaat.org
बेतिया : बिहार के सांसद राजेश रंजन उर्फ़ पप्पू यादव का संसद भवन परिसर में संत वेश धारण कर किया गया प्रदर्शन पर विश्व हिंदू परिषद, पश्चिम चम्पारण के जिला मंत्री रमण गुप्ता ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि उपर्युक्त कृत्य सनातन संस्कृति, पूज्य साधु-संतों तथा करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावना (आस्था) का घोर अपमान है। रमण गुप्ता के अनुसार कांग्रेस समर्थित निर्दलीय सांसद पप्पू यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा समाजवादी पार्टी एवं कांग्रेस के अन्य सांसदों के संतों के पवित्र वेश का राजनीतिक प्रदर्शन में उपयोग करना अत्यंत निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। संत समाज भारतीय संस्कृति में त्याग, तप, संयम और लोककल्याण का प्रतीक रहा है। ऐसे पूजनीय स्वरुप को राजनीतिक स्वार्थ का माध्यम बनाना सनातन परंपरा का अनादर है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध-प्रदर्शन करना प्रत्येक दल का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन राजनीतिक लाभ के लिए धार्मिक प्रतीक, संत वेश और आस्था का उपयोग किसी भी दृष्टि से उचित नहीं ठहराया जा सकता। संसद जैसे सर्वोच्च लोकतांत्रिक मंच पर इस प्रकार का प्रदर्शन भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों और संत परंपरा की गरिमा के विरुद्ध है। रमण गुप्ता ने कहा कि सनातन परंपरा में संतों का स्थान अत्यंत पूजनीय है। संत वेश केवल वस्त्र नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या, संयम और समाज के प्रति समर्पण का प्रतीक है। इसलिए इसके राजनीतिक प्रदर्शन में उपयोग को संत समाज और सनातन श्रद्धालुओं ने गंभीरता पूर्वक लिया है। इस क्रम में विहिप के जिला मंत्री रमण गुप्ता, विभाग मंत्री नीरज कुमार, सह मंत्री सोनू कुमार, महंथ कृष्णा दास, फलाहारी बाबा, उमेश त्रिपाठी, संजय बाबा, धनंजय शर्मा, विनय कुमार, सुजीत सोनी, जीतेन्द्र श्रीवास्तव समेत सैकड़ों की संख्या में संत समाज एवं कार्यकर्ताओं ने इस पूरे घटनाक्रम पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। उपस्थित संत समाज ने कहा कि संतों की वेशभूषा और सनातन परंपरा के प्रतीक का राजनीतिक स्वार्थ के लिए उपयोग किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। विहिप नेताओं ने कहा कि राजनीतिक विरोध के लिए लोकतांत्रिक और संवैधानिक विधि अपनाएं जाने चाहिए, लेकिन धार्मिक प्रतीक एवं संत परंपरा की गरिमा से खिलवाड़ नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी राजनीतिक दल से सनातन संस्कृति, संत समाज और देश की धार्मिक परंपरा के प्रति सम्मानजनक व्यवहार व दृष्टिकोण की अपेक्षा किया है।
