पश्चिम चम्पारण जिला के चनपटिया की जनता की आवाज़ विधानभा में गूँजी, विधायक अभिषेक रंजन ने विधि व्यवस्था, बुनियादी विद्यालय की समस्या पर सरकार का ध्यान आकृष्ट किया

बेतिया : पश्चिम चम्पारण जिला के साथ बिहार में शिक्षा की कुव्यवस्था के दृष्टिगत विधानसभा में जनता की आवाज़ गूँज उठी, शांत विपक्ष अचानक आक्रामक हो गया। यह लोकतंत्र के लिए सुखद पहल है। बिहार विधानसभा में चनपटिया विधानसभा के मुखर विधायक अभिषेक रंजन ने तारांकित प्रश्न के क्रम में बुनियादी विद्यालयों की दुर्व्यवस्था पर सम्राट सरकार का ध्यान आकर्षित किया। इतना ही नहीं विधायक ने शून्यकाल में विधानसभा क्षेत्र ही नहीं अपितु सम्पूर्ण जिला क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में वृद्धि के दृष्टिगत पुलिस व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न किया। विधायक अभिषेक रंजन के अनुसार बिहार में कुल 391 बुनियादी विद्यालय हैं, उनमें पश्चिम चम्पारण में सर्वाधिक 43 विद्यालय हैं। उन ऐतिहासिक विद्यालयों के भवन, शिक्षक, चतुर्थवर्गीय कर्मी और कौशल विकास से जुड़े उपकरण का घोर आभाव है। उन्होंने विधान सभा में क्षेत्रीय समस्या को बुलंद आवाज़ में उठाया और सरकार की कान में पहुँचा दिया कि इतना ही नहीं कई विद्यालय अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में उन विद्यालयों का संरक्षण और विकास को लेकर सरकार को ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना बनाने की आवश्यकता है। चनपटिया के विधायक अभिषेक रंजन ने पूरक प्रश्न में बुनियादी विद्यालयों में विषयवार शिक्षक का आभाव, भवन की जर्जरता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए पर्याप्त आवश्यक संसाधन का घोर अभाव का मामला सरकार के समक्ष रखा। श्री रंजन ने बुनियादी विद्यालयों की ऐतिहासिकता संरक्षित करने व उन विद्यालयों के शैक्षिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता है। चनपटिया विधानसभा क्षेत्र के युवा विधायक के धुँआधार प्रश्न के प्रत्युत्तर में शिक्षा विभाग के मंत्री मिथिलेश तिवारी ने जाँच कराकर आवश्यक कार्रवाई करने को विधायक को आश्वस्त किया। चनपटिया विधानसभा क्षेत्र में चोरी की घटना में निरंतर वृद्धि के दृष्टिगत चनपटिया, मझौलिया, गोपालपुर, सिरिसिया, कुमारबाग और मनुआपुल थाना क्षेत्र में विगत तीन महीना में चोरी के एक दर्जन से अधिक काण्ड प्रतिवेदित हैं। अभिषेक रंजन का कहना है कि चोरी की घटनाओं में पुलिस अबतक किसी का संतोषजनक खुलासा नहीं कर सकी है। जिससे पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्न उठाये जाने लगे हैं और आमजन में भय का वातावरण बना है। विधायक ने चोरी की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों की यथाशीघ्र गिरफ्तारी की मॉंग के साथ ही सम्बंधित थाना क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को सशक्त करने की माँग सदन के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस और प्रशासन का प्राथमिक उत्तरदायित्व है। यदि चोरी की घटना पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो लोगों में विश्वास शासन और प्रशासन से उठ जायेगा, इसलिए जनता में विश्वास बहाल करने की आवश्यकता है। इसके लिए शासन और प्रशासन को ठोस कदम उठाने होंगे और आमजन का विश्वास जीतना होगा।
