
अपराध नियंत्रण, गश्ती, लम्बित मामलों के त्वरित निष्पादन, आमजन से सौम्य वार्ता व व्यवहार पर बल
बेतिया : पश्चिम चम्पारण जिला के बेतिया पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम की अपराध गोष्ठी सोमवार शाम सम्पन्न हुईं। बेतिया पुलिस केन्द्र के संवाद कक्ष में आयोजित अपराध गोष्ठी की अध्यक्षता कुमार गौतम (भापुसे) पुलिस अधीक्षक बेतिया ने की। उपर्युक्त अपराध गोष्ठी में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम), पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नरकटियागंज, सभी अंचल पुलिस निरीक्षक, सभी पर्यवेक्षी पदाधिकारी एवं सभी थानाध्यक्ष शामिल हुए। अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारियों/पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम)/सभी अंचल पुलिस निरीक्षक एवं सभी पर्यवेक्षी पदाधिकारी को काण्डों के पर्यवेक्षण में पूर्व की अपेक्षा और गति लाने, सभी थानाध्यक्ष को अपने-अपने थाना क्षेत्र में गश्ती दल को अधिक क्षेत्र भ्रमण करने को आदेशित किया एवं रात्री गश्ती दल को अधिक क्षेत्र भ्रमण करने को आदेशित भी किया तथा रात्री गश्ती में, सतर्कता व चौकसी बरतने का निर्देश दिया। अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था के दृष्टिगत सभी थानाध्यक्ष को अपने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाये रखते हुए विशेष चौकसी एवं सतत् वाहन जॉच अभियान संचालित करने का निर्देश दिया। जिला में वाहन चोरी मामलों में शीघ्र उद्भेदन करने का निर्देश भी दिया। जिला के सभी थानाध्यक्ष को शराब तस्करों/लंबित काण्डों के अभियुक्तों की गिरफ्तारी को संचालित अभियान को तेज करने, जिससे काण्डों का निष्पादन ससमय हो, इसके लिए निर्देशित किया तथा सूचना का अधिकार, चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट सत्यापन, सर्विलांस प्रोसीडिंग, प्रधानमंत्री / मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त आवेदन एवं जनशिकायत से सम्बंधित प्राप्त आवेदन को त्वरित गति से जाँच करने का निर्देश दिया। जिला में विभिन्न काण्ड में संलिप्त व्यक्तियों जिनका वारंट निर्गत है, उनकी गिरफ्तारी को विशेष अभियान संचालित करने का कड़ा आदेश एसपी बेतिया ने दिया। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना में लंबित सम्मन/ई-सम्मन/वारंट/इश्तेहार/ कुर्की एवं विभिन्न पोर्टल पर उनकी विस्तृत समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त सभी थानाध्यक्ष को यह भी आदेश दिया कि वे अपने थाना क्षेत्र के आमजन के साथ समन्वय स्थापित कर अपराध नियंत्रण करें।
Post Views: 1
