Sat. Jun 20th, 2026

बिहार के खिलाडियों को मिलेगी अत्याधुनिक सुविधा

apnibaat.org

बेतिया : बिहार सरकार में खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा है कि खेल और उद्योग के क्षेत्र में बिहार तीव्र गति से अग्रसर है। उन्होंने बताया कि सम्राट सरकार स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर को सशक्त करने और नई औद्योगिक नीति की दिशा में कार्यरत है। श्रेयसी सिंह ने पत्रकारों को बताया कि वह दिन दूर नहीं जब बिहार अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। उपर्युक्त विचार बिहार सरकार की मंत्री श्रेयसी सिंह ने मेहंदियाबारी स्थित पश्चिम चम्पारण भाजपा जिला कार्यालय में ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को उन्नत तकनीकि सुविधा उपलब्ध कराने को विभिन्न नई योजना पर काम किया जा रहा है। श्रेयसी सिंह ने बताया कि बिहार के उत्क्रमित मध्य विद्यालयों और उच्च विद्यालयों को एकलव्य सेंटर से जोड़ा जा रहा है, जिससे ग्रामीण स्तर की प्रतिभा को निखारा जा सके। उल्लेखनीय है कि बिहार सरकार की ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना पूर्व से लागू है। इसके अंतर्गत पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जाती है। यदि बिहार का कोई खिलाड़ी ओलंपिक में भाग लेता है तो उसे डीएसपी स्तर की नौकरी मिलेगी और नौकरी के साथ खेलने की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। श्रेयसी सिंह ने कहा कि उनका चम्पारण से विशेष लगाव है और पश्चिम चम्पारण में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। खिलाड़ियों को उन्नत प्रशिक्षण और सुविधा प्रदान कराने के लिए अत्याधुनिक स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है।

खेल से अलग हटकर श्रेयसी सिंह ने बताया कि बेतिया राज की भूमि पर उद्योग लगाने को बिहार सरकार तैयार है। उन्होंने बताया कि उद्योग विभाग बेतिया राज की 500 एकड़ भूमि पर उद्योग स्थापित करने की योजना बना रही है। सम्पूर्ण चम्पारण में 1,500 एकड़ भूमि पर औद्योगिक इकाइयों के लिए प्रस्ताव बनाया जा रहा है। बिहार सरकार बिहार में औद्योगिक विकास के लिए 14 हजार एकड़ से अधिक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में लगी है। उन्होंने कहा कि नई औद्योगिक नीति अंतर्गत उद्योग लगाने की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। अब निवेशकों को लाइसेंस के लिए लंबी प्रतीक्षा नहीं करनी होगी और एक माह के भीतर आवश्यक अनुमति उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।

उपर्युक्त ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ कार्यक्रम में नरकटियागंज विधायक संजय कुमार पांडेय ने चनपटिया व बिहार की बंद चीनी मिलों को पुनः चालू कराने की मांग किया। उन्होंने कहा कि नरकटियागंज में 30 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई गई है, जहां उद्योग स्थापित किए जा सकते हैं। इससे युवाओं को रोजगार मिलेगा और पलायन पर रोक लगेगी। उन्होंने नरकटियागंज विधानसभा क्षेत्र में स्टेडियम के आधुनिकीकरण का मामला मंत्री के समक्ष रखा और निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने का अनुरोध किया। मंत्री श्रेयसी सिंह ने सबकी बात सुन लिया अलबत्ता किसी को क़ुछ नहीं कहा। भाजपा के ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ में भाजपा जिलाध्यक्ष रुपक श्रीवास्तव, पूर्व विधायक उमाकांत सिंह, रवि सिंह, आनंद सिंह, मनोज सिंह, सुनील गुप्ता, आशीष कुमार गुप्ता, अभिषेक यादव, राजेश जायसवाल, धनरंजन कुशवाहा, संदीप श्रीवास्तव, मुन्ना तिवारी, डॉ. उमेश कुमार, सीमा माधोगढ़िया, पार्टी के पदाधिकारी, उद्योग, शिक्षा और खेल क्षेत्र से जुड़े व्यक्ति तथा विभिन्न संगठन के प्रतिनिधि शामिल रहे।

Spread the love

By Awadhesh Sharma

न्यूज एन व्यूज फॉर नेशन

Leave a Reply