Sat. Jun 6th, 2026
कर्त्तव्य एवं अनुशासनहीनता के विरुद्ध जिला प्रशासन की कार्रवाई
apnibaat.org
बेतिया : पश्चिम चम्पारण जिला प्रशासन ने राजस्व कार्यों में उदासीनता, निरंतर अनधिकृत अनुपस्थिति एवं पदाधिकारियों के आदेश की अवहेलना को गंभीरतापूर्वक लिया है। उसी के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने मझौलिया अंचल में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी प्रदीप कुमार मिश्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। ज्ञात हो कि 05 जून 2026 को आयोजित राजस्व सम्बंधी समीक्षात्मक बैठक में प्रदीप कुमार मिश्र अनधिकृत रुप से अनुपस्थित रहे। समीक्षा के क्रम में यह भी सामने आया कि उनके आवंटित हल्का में दाखिल-खारिज, परिमार्जन सहित राजस्व से सम्बंधित अधिकांश मामला निर्धारित समय सीमा के बाद भी लंबित हैं तथा कार्यों की प्रगति अत्यंत असंतोषजनक है। सीओ मझौलिया ने प्रतिवेदित किया कि श्री मिश्र प्रायः बिना सूचना के अनुपस्थित रहते हैं, जिसके कारण जमाबंदी संशोधन, आधार सीडिंग, सरकारी भूमि सत्यापन, लगान अद्यतीकरण, लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम से जुड़े मामलों के निष्पादन तथा सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों के निपटारे जैसे महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहें हैं। उनसे कई बार स्पष्टीकरण माँगने के पश्चात् भी कोई प्रत्युत्तर नहीं दिया गया तथा वरीय पदाधिकारियों के निर्देश की अवहेलना की जाती रही। उपर्युक्त तत्थ्यों के दृष्टिगत जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह  ने उनके आचरण को बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली, 1976 के प्रावधानों के प्रतिकूल माना है और बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के नियम-9 अंतर्गत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जिला राजस्व शाखा, बेतिया निर्धारित किया गया है तथा नियमों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता का भुगतान मुख्यालय में प्रतिदिन की वास्तविक उपस्थिति के आधार पर किया जाएगा। उधर सीओ मझौलिया को निर्देश दिया है कि एक पखवाड़ा में आरोप-पत्र गठित कर अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया सदर के माध्यम से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा ने कहा कि सरकारी कार्यों में लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं लोक सेवाओं के निष्पादन में बाधा उत्पन्न करने वाले कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि राजस्व कर्मचारी संघ का नेतृत्व करने वाले प्रदीप मिश्र विगत दिनों आंदोलन में राजस्व कर्मचारीहित में सक्रिय रहे।
Spread the love

By Awadhesh Sharma

न्यूज एन व्यूज फॉर नेशन

Leave a Reply