पटना : सिल्हौरी गांव में संतुलित उर्वरक उपयोग एवं प्राकृतिक खेती को लेकर जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना ने दिनांक 01 मई, 2026 को पटना जिला के दुल्हिन बाजार प्रखण्ड अंतर्गत सिल्हौरी-बिल्हौरी पंचायत के सिल्हौरी गांव में ‘संतुलित उर्वरक उपयोग एवं प्राकृतिक खेती’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को मिट्टी के स्वास्थ्य सुधारने, रासायनिक उर्वरकों के सीमित एवं संतुलित उपयोग तथा प्राकृतिक खेती को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। विशेषज्ञों ने किसानों को बताया कि रासायनिक उर्वरकों, विशेषकर यूरिया के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरता एवं संरचना पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसके स्थान पर जैविक एवं प्राकृतिक उपायों को अपनाकर न केवल मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार किया जा सकता है, बल्कि उत्पादन लागत को भी कम किया जा सकता है। इस क्रम किसानों के बीच ढैंचा बीज का वितरण किया गया तथा उन्हें हरी खाद के रूप में ढैंचा के उपयोग के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। किसानों को प्रेरित किया गया कि वे खेतों में ढैंचा उगाकर उसे मिट्टी में मिलाएं, जिससे भूमि की उर्वरता में वृद्धि होगी और रासायनिक उर्वरकों की आवश्यकता कम होगी।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशुतोष उपाध्याय, प्रमुख, भूमि एवं जल प्रबंधन प्रभाग की टीम द्वारा किया गया, जिसमें डॉ. रजनी कुमारी, वरिष्ठ वैज्ञानिक, अभिषेक कुमार, प्रक्षेत्र प्रबंधक, प्रेम पाल कुमार एवं अन्य सदस्य शामिल रहे। इस अवसर पर कुल 24 किसानों ने भाग लिया, जिनमें 20 पुरुष एवं 4 महिला किसान शामिल हुई । कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, वर्मी कम्पोस्ट एवं अन्य जैविक संसाधनों के उपयोग पर भी बल दिया गया। अंत में किसानों ने अपने खेतों में संतुलित उर्वरक उपयोग एवं हरी खाद अपनाने का संकल्प लिया।
