
मंत्रोच्चारण से गूंजे मां भगवती के मंदिर, अहिरवलिया में कलश स्थापना को कलश यात्रा
जय नारायण प्रसाद की रिपोर्ट
बेतिया : वैदिक मंत्रोच्चारण व देवी के जयघोष के साथ शारदीय नवरात्र का प्रथम दिन रविवार से श्रद्धा भक्ति पूर्वक प्रारम्भ हुआ। मैनाटांड प्रखंड मुख्यालय, पिड़ारी, इनरवा, बास्ठा, मर्जदवा, बिरंची, धोखराहा, रामपुर, बेलवाडीह माई स्थान, पुरुषोत्तमपुर,भंटाटांड, धोखराहा कॉलोनी जगहों पर मां भगवती की पूजा अर्चना के साथ कलश स्थापना हो गई। माता दुर्गा के प्रथम शैलपुत्री रुप की पूजा के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही। भक्तगण हाथों में धूप, अगरबत्ती, फूल, अक्षत, चंदन, नारियल, चुनरी, फल पूजा सामग्री को लेकर मां के दरबार में पहुंचे। मनोकामना को पूर्ण करने के लिए मां के चरणों में शीश नवाया। इस अवसर पर आचार्य राजेश पांडेय और सुनील मिश्र ने कहा कि नवरात्री श्रद्धा पूर्वक आराधना करने से मां दुर्गा प्रसन्न होकर सुख शांति प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि जहां नारी की पूजा होती है वहां देवता निवास करते हैं। दुर्गा पूजा विशुद्ध रूप से एक नारी सम्मान का प्रतीक है। जय माता दी का उद्घोष हमारे महान संस्कृति को प्रदर्शित करता है। उधर अहिरवलिया सुखलही में नवरात्री के प्रथम दिन कलश यात्रा निकाली गई।

जिसमें दुर्गा पूजा समिति के राजन कुमार, राजेश पासवान, रामजी कुमार, मंजर कुमार व सैकड़ों श्रद्धालु शामिल रहें। उधर दुर्गा पूजा को शान्ति पूर्ण ढंग से संपन्न कराने को ले बीडीओ पंकज कुमार, सीओ कुमार राजीव रंजन, मैनाटांड़ थानाध्यक्ष राजीव नंदन सिन्हा, इनरवा थानाध्यक्ष प्रकाश कुमार, भंगहा थानाध्यक्ष नवीन कुमार, मानपुर थानाध्यक्ष अजय कुमार चौधरी और पुरुषोत्तमपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार थाना क्षेत्र में पुलिस गश्ती तेज कर दिया है। इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि दुर्गा पूजा को शान्ति पूर्ण संपन्न कराने को लेकर पुलिस विभाग समय से सतर्क है।