महान इतिहासकार और साहित्य सम्मेलन के अअध्यक्ष रहे काशी प्रसाद जायसवाल, दी गयी काव्यांजलि
apnibaat.org 
पटना : बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के तत्वावधान में काव्यांजलि का आयोजन कर कवियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्रेम, उत्साह और दर्शन के महान गीतकार रहे हरिवंश राय बच्चन। हिन्दी-काव्य के छायावाद-काल के उत्तरार्ध में एक नवीन और मृदुल-स्पर्श लेकर आए डॉ हरिवंश राय बच्चन ने, मनुष्यता को जीवन-रस प्रदान करने वाले ‘प्रेम’ को नई भाषा दी। उनकी रचनाओं में जीवन के प्रति अकुंठ श्रद्धा और उत्साह है। वे अपने समय के सबसे लोकप्रिय कवि रहे। वहीं दूसरी ओर गोवा की राज्यपाल रह चुकीं विदुषी डॉ मृदुला सिन्हा का स्मरण भगवती शारदा की आराधना के समान पावन है। वो सरस्वती की साक्षात विग्रह रहीं। उनकी आत्मीयता और सबके प्रति उनका स्नेह-सिक्त व्यवहार उन्हें अतिविशिष्ट बनाता रहा। देश के महान इतिहासकार डॉ काशी प्रसाद जायसवाल तो बिहार के गौरव-पुरुष ही रहे । वे बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन के 12 वें सत्र के लिए अध्यक्ष भी चुने गए थे।
उपर्युक्त विचार शुक्रवार को तीनों महान विभूतियों की जयंती पर साहित्य सम्मेलन पटना में आयोजित समारोह और कवि-सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए, सम्मेलन अध्यक्ष डा अनील सुलभ ने व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि, बच्चन जी की ‘मधुशाला’, वस्तुतः दर्शन-काव्य है। साहित्य अकादमी पुरस्कार से विभूषित डॉ हरिवंश राय बच्चन राज्य-सभा के मनोनीत सदस्य भी रहे।
समारोह के मुख्यअतिथि और पटना उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्त्ति मान्धाता सिंह ने कहा कि आज जिन साहित्यिक विभूतियों को हम स्मरण कर रहे हैं, वे सभी जन्मजात विशिष्ट गुणों से युक्त रहे। हरिवंश राय बच्चन अपने समय के सबसे लोकप्रिय कवि और मंचों के आकर्षण रहे। उनकी रचनाएँ युवाओं में नूतन उत्साह भरने वाली हैं। मृदुला सिन्हा का व्यक्तित्व बहु-आयामी था। साहित्य, राजनीति और समाजसेवा में उन्होंने अपना विशेष स्थान बनाया। काशी प्रसाद जायसवाल एक मनीषी विद्वान और इतिहासकार रहे। वरिष्ठ साहित्यकार डा रत्नेश्वर सिंह, डा पुष्पा जमुआर, डा नागेश्वर प्रसाद यादव, प्रो सुनील कुमार उपाध्याय और कुमार अनुपम ने अपना विचार व्यक्त किया।
इस अवसर पर आयोजित कवि-सम्मेलन का आरम्भ चंदा मिश्र की वाणी-वंदना से हुआ। वरिष्ठ कवि सुनील कुमार मलंग, शायरा शमा कौसर ‘शमा’, प्रो सुनील कुमार उपाध्याय, सदानन्द प्रसाद, चित्तरंजन लाल भारती, राजप्रिया रानी, इन्दुभूषण सहाय, दीपक कुमार बरनवाल आदि कवियों और कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं का पाठ किया। मंच का संचालन कवि ब्रह्मानन्द पाण्डेय ने तथा धन्यवाद-ज्ञापन कृष्ण रंजन सिंह ने किया। डॉ चंद्रशेखर आज़ाद, राम शंकर शुक्ल, रवि गुप्ता, रूबी झा, स्नेह आनन्द भगत, कुमारी डौली, अर्पित कुमार, भोला प्रसाद, सूरज कुमार, मो फ़हीम, अर्चना भारती आदि प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
