कृषि अनुसंधान परिसर, पटना द्वारा ‘खेत बचाओ अभियान’ अंतर्गत किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
पूर्णिया जिला के खुशकीबाग गांव में 254 किसान एवं ग्रामीण शामिल हुए
apnibaat.org
पटना: भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना एवं कृषि विज्ञान केंद्र, जलालगढ़, पूर्णिया के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 05 नवंबर, 2026 को ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत पूर्णिया जिले के पूर्णिया पूर्व प्रखंड की पूर्णिया सदर पंचायत स्थित खुशकीबाग गांव में किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 254 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें 121 महिलाएं शामिल रहीं।
कार्यक्रम में पूर्णिया सदर के विधायक विजय कुमार खेमका विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने पूर्णिया जिला में रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए वैज्ञानिकों द्वारा अनुशंसित संतुलित उर्वरक उपयोग पर बल दिया। साथ ही, उन्होंने पंचायत में मखाना की खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. के.एम. सिंह ने किसानों को गोबर की खाद का संतुलित मात्रा में उपयोग बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। डॉ. राबिया ने किसानों को उन्नत बीजों के संबंध में जानकारी दी। वहीं, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना के ततकनीकी पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार एवं कल्याण कुमार ने समेकित कृषि प्रणाली के एक महत्वपूर्ण घटक के रूप में मत्स्य उत्पादन को प्रोत्साहित करने पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान फसल प्रबंधन तथा सिंचाई प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर भी किसानों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इस अवसर पर बेबी कुमारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, पूर्णिया कनिष्क चंद्र, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, बनमनखी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
