कृषि अनुसंधान परिसर, पटना द्वारा ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
पूर्वी चंपारण के बंगरा गांव में 102 किसान एवं ग्रामीण शामिल हुए
apnibaat.org
पटना: भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना द्वारा 04 नवंबर, 2026 को ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत पूर्वी चंपारण जिला के कोटवा प्रखंड की जसौली पंचायत के बंगरा(बंगरी) गांव में किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 102 किसानों एवं ग्रामीणों ने भाग लिया, जिनमें 35 महिलाएं शामिल हुईं।
कार्यक्रम में महात्मा गांधी समेकित कृषि अनुसंधान संस्थान, मोतिहारी के निदेशक डॉ. राघवेंद्र सिंह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने फसल प्रबंधन, रोग एवं कीट नियंत्रण तथा सिंचाई प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर किसानों को जानकारी दी। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना के फसल अनुसंधान प्रभाग के प्रमुख डॉ. संजीव कुमार ने रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग, समेकित कृषि प्रणाली एवं फसल विविधीकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसानों को टिकाऊ कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं, डॉ. अभिषेक कुमार ने कृषिवानिकी के महत्व, इसके लाभ तथा कृषि प्रणाली में इसकी भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने ‘खेत बचाओ अभियान’ के उद्देश्यों एवं इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के आयोजन में कृषि विज्ञान केंद्र, पीपराकोठी का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, कृषि संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग तथा फसल उत्पादन को टिकाऊ एवं लाभकारी बनाने के लिए वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।
