नशा के विधि विरुद्ध व्यवसाय की सूचना प्रशासन को दें, मद्य निषेध विभाग के टोल फ्री नंबर 15545 पर सूचना 

apnibaat.org
बेतिया: नशा मुक्त बिहार अभियान अंतर्गत पश्चिम चम्पारण जिला के प्रखण्ड कार्यालय, चनपटिया के सभागार में व्यापक जनजागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी पश्चिम चम्पारण तरनजोत सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन से किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, उत्पाद अधीक्षक सीमा चौरसिया, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी प्रणव कुमार गिरी, ब्रह्माकुमारी संस्थान की बेतिया संचालिका अंजना व अन्य बहन,बड़ी संख्या में जीविका दीदी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने नशा मुक्ति अभियान में जीविका दीदियों की सक्रियता एवं उनके उल्लेखनीय योगदान की प्रशंसा किया। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों ने अपनी संगठनात्मक शक्ति और सामूहिक प्रयासों से नशा के खिलाफ एक मजबूत सामाजिक अभियान खड़ा किया है। बिहार में शराबबंदी कानून के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। जिला पदाधिकारी ने समाज में सूखे नशा एवं अन्य मादक पदार्थों के बढ़ते प्रचलन पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में इस चुनौती से निपटने के लिए विशेष सतर्कता और सामूहिक भागीदारी आवश्यक है । उन्होंने जीविका दीदियों से आग्रह किया कि वे युवा पीढ़ी के साथ-साथ विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भी नशा के दुष्परिणामों के प्रति जागरुक करें। मादक पदार्थों की तस्करी अथवा इससे जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी प्रशासनिक पदाधिकारियों या मद्य निषेध विभाग के टोल फ्री नंबर 15545 पर दें, जिससे आवश्यक त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी प्रजापिता ईश्वरीय विश्वविद्यालय संस्थान की बहनों एवं भाइयों के योग, ध्यान एवं सकारात्मक चिंतन के माध्यम से मानसिक सशक्तता विकसित करने के विभिन्न विधि की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प शक्ति, आत्मनियंत्रण और सकारात्मक जीवनशैली अपनाकर व्यक्ति नशा जैसी सामाजिक बुराइयों से स्वयं को दूर किया जा सकता है। ब्रह्मकुमारीज का व्यसन मुक्ति अभियान पूर्व से संचालित है। उनके साथ जीविका दीदियों का कार्य सोना पर सुहागा जैसा है। इस अवसर पर जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक आरके निखिल ने कहा कि जीविका दीदियों के आग्रह और निरंतर प्रयास के फलस्वरुप ही तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में शराबबंदी कानून लागू किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में जीविका दीदियों की भूमिका अति महत्वपूर्ण है। उन्होंने दीदियों से प्रभात फेरी, जागरुकता रैली, रंगोली एवं अन्य सामुदायिक गतिविधियों के माध्यम से नशामुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा अभियान को जनआंदोलन का स्वरुप देने का आग्रह किया। कार्यक्रम के क्रम में जिला पदाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारियों ने हस्ताक्षरपट्टी पर हस्ताक्षर कर तथा सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेकर नशामुक्त बिहार के संकल्प को मजबूती प्रदान की। इसके जिला पदाधिकारी ने उपस्थित सभी पदाधिकारी, कर्मी एवं जीविका दीदी को नशामुक्ति का प्रण दिलाया। कार्यक्रम का सफल संचालन मेरी एडलिन ने किया, अंत में चनपटिया के प्रखण्ड परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार ने सभी पदाधिकारी, अतिथि एवं जीविका दीदी के प्रति आभार व्यक्त किया। विशेष रुप से ब्रह्माकुमारीज़ की बहनों का धन्यवाद किया, जिन्होंने योग एवं ध्यान के माध्यम से मानसिक मजबूती और दृढ़ संकल्प विकसित करने के महत्वपूर्ण उपायों से सभी को अवगत कराया।
Post Views: 6
