पश्चिम चम्पारण में परम्परागत हर्षोल्लास एवं देशभक्ति पूर्वक 80वाँ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया
मुख्य समारोह में प्रभारी मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन ने झंडोत्तोलन कर, परेड का निरीक्षण किया
apnibaat.org
बेतिया: पश्चिम चम्पारण जिला में 80 वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह परंपरागत उत्साह, उमंग, हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिला के प्रत्येक प्रखण्ड में आन-बान-शान के साथ तिरंगा लहराया और लोगों ने राष्ट्र के प्रति अपनी आस्था एवं गौरव का प्रदर्शन किया। जिला प्रशासन ने मुख्य समारोह का आयोजन रमना मैदान, बेतिया में किया, जहाँ मंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग-सह-प्रभारी मंत्री, पश्चिम चम्पारण लखेन्द्र कुमार रौशन ने राष्ट्रीय ध्वज लहराया। इसके उपरांत उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और उपस्थित जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामना दिया।
उपर्युक्त कार्यक्रम में पश्चिम चम्पारण लोकसभा सांसद डॉ. संजय जायसवाल, बेतिया विधायक रेणु देवी, चनपटिया के पूर्व विधायक उमाकांत सिंह, उपमहापौर नगर निगम बेतिया गायत्री देवी व अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। पुलिस उप महानिरीक्षक चम्पारण क्षेत्र हरकिशोर राय, जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम, उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त नगर निगम बेतिया शिवाक्षी दीक्षित सहित विभिन्न विभाग के जिलास्तरीय पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक शामिल रहे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाहरणालय परिसर में जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण कार्यालय परिसर में उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम तथा अनुमंडल कार्यालय परिसर में अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया विकास कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके अतिरिक्त जिला के सभी सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, पंचायतों तथा महादलित टोलों एवं बस्तियों में भी पूरे हर्षोल्लास के साथ झंडोत्तोलन किया गया। विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रगान, देशभक्ति कार्यक्रम एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन कर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां मनाई गईं। मुख्य समारोह में झंडोत्तोलन के उपरांत प्रभारी मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन ने जिला वासियों को संबोधित करते हुए पश्चिम चम्पारण में राज्य एवं केन्द्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजना के क्रियान्वयन तथा उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना तथा सभी वर्गों के समावेशी विकास को सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों एवं देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को नमन करते हुए कहा कि आजादी केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि इसे सुरक्षित रखने और देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने का उत्तरदायित्व भी हमारी है। उन्होंने जिलावासियों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं एकता बनाए रखते हुए विकसित और समृद्ध बिहार के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
समारोह में कर्तव्यों के उत्कृष्ट निर्वहन एवं सराहनीय कार्य के लिए पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में वरीय उप समाहर्ता मो. अहमद अली अंसारी, सहित कर्मियों में हीरा यादव, अनिल कुमार, सुनील नाथ तिवारी, नवीन कुमार, भूषण कुमार एवं कबीर सौरभ शामिल रहे। राज्य सरकार को आर्थिक संबल प्रदान करने तथा जिला के विकास में सहयोग देने वाले व्यवसायियों एवं प्रतिष्ठानों को भी सम्मानित किया गया। इस क्रम में मॉडर्न ऑटो एजेंसी, बेतिया, मॉडर्न ऑटोमोटिव, बेतिया, चम्पारण ऑटोमोबाइल्स एलएलपी, बेतिया, मेसर्स मां विंध्यवासिनी कंस्ट्रक्शन, ठकराहां, मां दुर्गा ट्रेडर्स तथा आदित्य कुमार तिवारी को भामाशाह सम्मान प्रदान किया गया। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण फेसबुक लाइव के माध्यम से किया गया। सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय, पश्चिम चम्पारण ने किया, फेसबुक लाइव के माध्यम से जिलावासियों ने मुख्य समारोह, झंडोत्तोलन एवं अन्य कार्यक्रमों को देखा और सुना। इससे जिला से बाहर रहने वाले लोगों को भी समारोह से जुड़ने का अवसर मिला। समारोह का सफल एवं गरिमापूर्ण संचालन एनईपी, पुरुषोत्तम त्रिवेदी एवं शिक्षिका मेरी एडलिन ने किया।
