
बेतिया: पश्चिम चम्पारण जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में एनसीओआरडी से सम्बंधित जिलास्तरीय समिति एवं भारत-नेपाल सीमा से जुड़े विभिन्न मुद्दा की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। जिसमें सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ बनाने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए विभिन्न विभाग के मध्य समन्वय के दृष्टिगत विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में नो-मेन्स लैंड पर अतिक्रमण, फर्जी आधार कार्ड से सम्बंधित मामला की रोकथाम, भारतीय नागरिकता एवं दोहरी नागरिकता के प्रकरण, वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम, जाली भारतीय मुद्रा की तस्करी, साइबर फ्रॉड एवं अवैध दूरसंचार गतिविधियां, म्यूल अकाउंट एवं संदिग्ध बैंक खातों की निगरानी, भारत-नेपाल सीमा पर स्थित क्षतिग्रस्त सीमा स्तंभों की मरम्मत, गायब एवं छूटे हुए सीमा स्तंभों के पुनर्स्थापन, संदिग्ध व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जाँच तथा आर्थिक एवं वित्तीय गतिविधियों की निगरानी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार पूर्वक विचार विमर्श की गई।
बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा, सतर्कता एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, तस्करी, फर्जी दस्तावेजों के उपयोग, जाली भारतीय मुद्रा, साइबर अपराध तथा अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी सम्बंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर सक्रिय एवं सतत कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सीमा से जुड़े संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखें तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान हो, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम अंतर्गत सीमा से सटे गांवों में विकास कार्यों को गति देने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि नो-मेन्स लैंड पर अतिक्रमण के मामलों की नियमित समीक्षा करें, फर्जी आधार कार्ड एवं संदिग्ध नागरिकता सम्बंधी मामलों की गहन जांच सुनिश्चित की जाए तथा साइबर फ्रॉड, म्यूल अकाउंट, जाली भारतीय मुद्रा, अवैध दूरसंचार गतिविधियों एवं संदिग्ध वित्तीय लेन-देन पर कड़ी निगरानी रखते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक बेतिया कुमार गौतम, वन प्रमंडल पदाधिकारी-सह-उप निदेशक, वाल्मीकि व्याघ्र आरक्ष्य प्रमंडल-01 एवं 02, समादेष्टा 21 वीं, 44 वीं, 65 वीं एवं 47 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, निदेशक डीआरडीए, सिविल सर्जन, ऑपरेशनल एरिया हेड बीएसएनएल, अनुमंडल पदाधिकारी बेतिया एवं नरकटियागंज विभिन्न विभाग के प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए। पुलिस अधीक्षक बगहा राजेश कुमार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
Post Views: 1
