Sat. Nov 28th, 2026
apnibaat.org
बेतिया: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की बेतिया इकाई ने समाज में मानसिक स्वास्थ्य, आत्मकल्याण एवं नशामुक्ति के प्रति जागरुकता के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया।
उपर्युक्त अभियान अंतर्गत माउंट आबू से पधारे वायु सेना के पूर्व सैनिक राकेश मेहता, मेंटल हेल्थ एवं स्वास्थ्य प्रबंधन पर विशेष वर्ग लेने वाले हितेश तुतेजा, सुरक्षा विभाग से पहुँचे ब्रह्मकुमार शैलेन्द्र सिंह तथा ब्रह्मकुमार भास्कर ने विभिन्न संस्थान में पदाधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी व अन्य लोगों को मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन, आत्मकल्याण (Mental Health & Well-being) तथा नशामुक्ति (De-addiction) के विषय की विस्तार पूर्वक जानकारी दी।
इस क्रम में बेतिया पुलिस लाइन में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों, आलोक भारती शिक्षण संस्थान के विद्यार्थियों, जीएमसीएच कॉलेज के मेडिकल स्टूडेंट्स एवं सिक्योरिटी गार्ड्स, मझौलिया सुगर मिल के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा बेतिया मंडल कारा, मनुआपुल में बंदियों एवं जेल प्रशासन के पदाधिकारियों में जागरुकता सत्र आयोजित किया गया।
ब्रह्मकुमार शैलेंद्र ने पुलिस लाइन के पुलिसकर्मियों को कहा कि जीवन में प्रसन्न रहना है तो बहुत सी बात की उपेक्षा करनी होगी। वैसी बातें जो हमारे नियंत्रण में नहीं है, तभी हमें वास्तविक प्रसन्नता मिल सकती है। ब्रह्मकुमार हितेश तुतेजा ने कहा कि हमें अपने मन को सकारात्मक सोच का भोजन देना होगा। जिस प्रकार से हम शरीर को व्यायाम और अच्छा भोजन देते हैं, उसी प्रकार राजयोग मेडिटेशन की एक्सरसाइज और सकारात्मक सोच मन का भोजन हमारे जीवन को सकारात्मक और शक्तिशाली बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
ब्रह्मकुमार राकेश मेहता ने ब्रह्मकुमारीज सुरक्षा प्रभाग अंतर्गत मझौलिया सुगर मिल एवं बेतिया जेल में सुरक्षा सम्बंधित महत्वपूर्ण विषय पर जागरुकता प्रदान किया।
व्यक्तिगत सुरक्षा: स्वयं की एवं दूसरों की सुरक्षा के प्रति जागरुक रहना।
सुरक्षा नियमों का पालन: कार्यस्थल एवं दैनिक जीवन में सुरक्षा सम्बंधी नियमों का पालन करना। नशामुक्त जीवन: नशा से दूर रहकर स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन अपनाना। सड़क सुरक्षा: यातायात नियमों का पालन एवं दुर्घटनाओं से बचाव। मानसिक सुरक्षा: तनाव, क्रोध एवं नकारात्मक विचारों पर नियंत्रण रखना।आध्यात्मिक सुरक्षा: राजयोग मेडिटेशन से मन को शांत, शक्तिशाली एवं सकारात्मक बनाना।
सामाजिक सुरक्षा: समाज में शांति, सद्भावना एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना।
उपर्युक्त कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि वर्तमान समय में मानसिक तनाव, नकारात्मक सोच एवं नशा की प्रवृत्ति व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन को प्रभावित कर रही है। ऐसे में सकारात्मक चिंतन, आत्मानुशासन, भावनात्मक संतुलन एवं आध्यात्मिक जीवनशैली अपनाना अति आवश्यक है।
सभी स्थान पर उपस्थित लोगों को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास भी कराया गया, जिससे उन्होंने मन को शांत रखने, तनाव प्रबंधन करने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का अनुभव प्राप्त किया।
ब्रह्मकुमारी संस्था का यह प्रयास है कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक मानसिक स्वास्थ्य एवं नशामुक्त जीवन का संदेश पहुँच, राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से एक स्वस्थ, तनावमुक्त एवं सकारात्मक समाज का निर्माण हो सके।
Spread the love

By Awadhesh Sharma

न्यूज एन व्यूज फॉर नेशन

Leave a Reply