
मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर किलकारी बाल भवन परिसर में अरुणादित्य ट्रस्ट एवं पेफी-बिहार के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक विशेष योग कार्यक्रम *योग संगम* आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के मानक अनुरूप का आयोजन किया गया। जिसका थीम- “स्वस्थ आयु के लिए योग” रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला योग संघ के सचिव कुमार आदित्य, अमन कुमार एवं खेल प्रशिक्षक कृष्णनंदन कुमार के द्वारा शांति पाठ से किया। इस अवसर पर शहर के विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों तथा किलकारी के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक योग कार्यक्रम में भाग लिया।
योग प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित कुमार आदित्य के मार्गदर्शन में सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन जैसे ताड़ासन, पादहस्तासन, अर्धपश्चिमोत्तानांसन, शलभासन, भुजंगासन, नौकासन, धनुरासन, सेतुबंधासन, त्रिकोणासन, गुरुरासन, पवनमुक्तासन, पश्चिमोत्तानासन आदि आसनों सहित अनुलोम विलोम, भ्रामरी प्राणायाम, कपालभाति, सूर्य नमस्कार तथा ध्यान का अभ्यास किया। इस अवसर पर किलकारी की प्रमण्डल कार्यक्रम समन्वयक पूनम कुमारी ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक शांति, एकाग्रता और सकारात्मक जीवन दृष्टि भी प्रदान करता है।
कार्यक्रम के क्रम में आदित्य ने बाल योगियों से कहा कि नियमित योगाभ्यास से स्वस्थ जीवनशैली विकसित होती है तथा तनावमुक्त जीवन जीने में सहायता मिलती है। उन्होंने सभी को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर किलकारी के नृत्य प्रशिक्षक अमन कुमार, साॅफ्टबॉल एसोसिएशन की सचिव तनु प्रिया, विनोद कुमार शर्मा, पूर्णिमा कुमारी, कायनात आफरीन, अंकित कुमार एवं अन्य उपस्थित रहे।
