Fri. Jun 5th, 2026

 

विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला पदाधिकारी ने किया पौधारोपण,पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

बेतिया: विश्व पर्यावरण दिवस पर पश्चिम चम्पारण जिला प्रशासन ने पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरुकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस क्रम में समाहरणालय परिसर में जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने जामुन का पौधा लगाकर जिलावासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनील कुमार सिन्हा सहित अन्य पदाधिकारियों ने जामुन, आंवला, महोगनी एवं अर्जुन के पौधा लगाकर हरित वातावरण के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाई। जन सुनवाई कार्यक्रम में समाहरणालय पहुंचे चनपटिया प्रखंड के टिकुलिया चौक निवासी अनिरुद्ध साह ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम के क्रम में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान (1 से 5 जून) अंतर्गत आयोजित जागरुकता हस्ताक्षर अभियान में जिला पदाधिकारी सहित सभी पदाधिकारियों ने हस्ताक्षर कर स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराया। एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को याद दिलाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि समाहरणालय परिसर के साथ-साथ आईटीआई परिसर, बेतिया में भी एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत पौधारोपण किया गया है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भावनात्मक जुड़ाव का भी प्रतीक है। उन्होंने जिलावासियों से आग्रह करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसके संरक्षण का संकल्प ले। पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाकर ही हम आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और सुरक्षित प्राकृतिक संसाधन उपलब्ध करा सकते हैं। कार्यक्रम में निदेशक, डीआरडीए अरुण प्रकाश, विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा) सुजीत कुमार, एनईपी पुरुषोत्तम त्रिवेदी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Spread the love

By Awadhesh Sharma

न्यूज एन व्यूज फॉर नेशन

Leave a Reply