Tue. Apr 16th, 2024

दुर्ग। फोरलेन पर चल रहे फ्लाईओवर ब्रिज के निर्माण का गुरुवार शाम कलेक्टर और एसपी, नेशनल हाइवे (एनएच )के अधिकारियों के साथ निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने फ्लाईओवर ब्रिज के साथ-साथ सुपेला रेलवे फाटक,आकाश गंगा पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एनएच के अधिकारी और पुलिस को समन्वय बनाकर ट्रैफिक व्यवस्था को व्यवस्थित करने कहा। इससे पहले कलेक्टर ने एनएच के अधिकारियों की बैठक लेकर निर्माण कार्य में लेट लतीफी को लेकर फटकार लगाई। कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा,एसपी डा.अभिषेक पल्लव,भिलाई निगम आयुक्त व एनएच के अधिकारियों के साथ फोरलेन पर चल रहे फ्लाईओवर ब्रिज सहित अन्य निर्माण कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने पहले फ्लाईओवर का निरीक्षण किया और शेष बचे कार्यों के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद सुपेला रेलवे फाटक पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आकाश गंगा में पार्किग व्यवस्था बनाए जाने के संबंध में निर्देश दिए। निरीक्षण के पहले कलेक्टर ने नेशनल हाईवे में चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कार्य में लेटलतीफी को लेकर रायल कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारियों पर नाराजगी जताई। इस पर अधिकारियों ने कलेक्टर को बताया कि सामान चोरी हो जाने की वजह के कारण कार्य में विलंब हो रहा है। इस पर कलेक्टर ने एनएच के अधिकारियों को सीसीटीवी लगवाने कहा। ताकि वस्तु स्थिति के संबंध में जानकारी मिल सके। बैठक में कलेक्टर को निर्माणी कंपनी ने बताया कि 30 अक्टूबर कुम्हारी फ्लाईओवर, 19 नवंबर तक सुपेला, 31 मार्च तक पावर हाउस और मई 2023 तक ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।

Spread the love

Leave a Reply