पूर्णिया के डिमिया गाँव में ‘खेत बचाओ अभियान’ अंतर्गत किसान गोष्ठी आयोजित
153 किसानों एवं अन्य हितधारकों ने लिया भाग, मृदा स्वास्थ्य और टिकाऊ खेती पर बल दिया 
apnibaat.org
पूर्णिया: भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना एवं कृषि विज्ञान केंद्र, जलालगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में पूर्णिया जिले के डिमिया गाँव में दिनांक 29 अक्टूबर 2026 को ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के निदेशक डॉ. अनुप दास के मार्गदर्शन में किया गया। गोष्ठी में कृषि वैज्ञानिकों, विशेषज्ञों, कृषि विभाग के अधिकारियों एवं तकनीकी कर्मचारियों सहित किसानों और अन्य हितधारकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना से डॉ. अजय कुमार एवं डॉ. संतोष कुमार; कृषि विज्ञान केंद्र जलालगढ़ से डॉ. के. एम. सिंह एवं डॉ. गोविंद कुमार; भोला पासवान शास्त्री कृषि महाविद्यालय, पूर्णिया से डॉ. रूबी साहा तथा अनुमंडल कृषि पदाधिकारी सहित सहायक तकनीकी प्रबंधक, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक एवं तकनीकी कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही।
गोष्ठी के दौरान कृषि विशेषज्ञों ने किसानों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना तथा वैज्ञानिक समाधान सुझाए। उन्होंने जैविक खेती, जल प्रबंधन, फसल विविधीकरण, मृदा प्रबंधन एवं समेकित पोषक तत्व प्रबंधन के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने रासायनिक उर्वरकों के अंधाधुंध प्रयोग से बचने तथा मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित मात्रा में उर्वरकों के उपयोग की सलाह दी। साथ ही, रासायनिक उर्वरकों के साथ गोबर की खाद, कम्पोस्ट एवं हरी खाद के समुचित उपयोग को बढ़ावा देने पर बल दिया।
विशेषज्ञों ने बताया कि जैविक खादों के उपयोग एवं समेकित पोषक तत्व प्रबंधन से मृदा की गुणवत्ता, जलधारण क्षमता और सूक्ष्मजीवों की गतिविधियों में सुधार किया जा सकता है। किसानों को मृदा की उर्वरता बनाए रखने के लिए उचित फसल चक्र अपनाने तथा हरी खाद के उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त, गोबर खाद के उचित प्रबंधन एवं उपयोग के संबंध में भी जानकारी दी गई, जिससे पोषक तत्वों की हानि कम करने और मृदा स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायता मिल सके।
कार्यक्रम में कुल 153 प्रतिभागियों की उपस्थिति रही, जिनमें 105 पुरुष एवं 20 महिला किसान शामिल हुए। इसके अतिरिक्त, अन्य हितधारकों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
