Fri. Oct 2nd, 2026

कृषि अनुसंधान परिसर, पटना में स्वच्छता दिवस के साथ ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ के प्रथम चरण का समापन, सफाई मित्र सम्मानित apnibaat.org

पटना:  भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती, ‘जय जवान, जय किसान’ के प्रणेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती तथा स्वच्छता दिवस के अवसर पर आज ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ के प्रथम चरण का समापन हुआ। संस्थान में यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया गया। अभियान के प्रथम चरण के दौरान ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ की भावना के साथ विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया गया। समापन कार्यक्रम के अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. अनुप दास ने संस्थान में कार्यरत सफाई मित्रों को सम्मानित किया। उन्होंने स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्य वातावरण के निर्माण में सफाई मित्रों के अथक परिश्रम और महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थान को स्वच्छ बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके श्रम एवं समर्पण के प्रति सम्मान व्यक्त करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
डॉ. दास ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छता को दैनिक जीवन एवं कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाकर ही इसके स्थायी परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने कार्यस्थल तथा आसपास के परिसर को स्वच्छ रखने के साथ-साथ स्वच्छता के प्रति दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संस्थान के प्रभागाध्यक्षों डॉ. आशुतोष उपाध्याय, डॉ. कमल शर्मा, डॉ. संजीव कुमार, और कार्यालय प्रमुख पुष्पनायक ने स्वच्छता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित कार्यस्थल से कार्य की गुणवत्ता, दक्षता और सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने-अपने कार्यस्थल तथा संस्थान के आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ स्वच्छता संबंधी अच्छी आदतों को नियमित व्यवहार का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्रों ने भी स्वच्छता से संबंधित ऐसी पहलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा उनके कार्य को सम्मान एवं प्रोत्साहन दिया जाना उत्साहवर्धक है।
स्वच्छता अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. अभिषेक कुमार दूबे ने अभियान के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि स्वच्छता अभियान का दूसरा चरण 3 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण के दौरान भी संस्थान एवं अधीनस्थ केंद्रों में स्वच्छता, जागरूकता और जनसहभागिता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में संस्थान के वैज्ञानिक, अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Spread the love

By Awadhesh Sharma

न्यूज एन व्यूज फॉर नेशन

Leave a Reply