गंडक नदी का चम्पारण तटबंध 59.60 किलोमीटर पर 5 मीटर क्षतिग्रस्त

बेतिया : पश्चिम चम्पारण जिला के बैरिया प्रखंड अंतर्गत फुलियाखाँड़ गांव के पास गंडक नदी का बायां चम्पारण तटबंध के 59.60 किमी पर ओवरटॉपिंग एवं अचानक पाईपिंग के कारण लगभग 05 मीटर की चौड़ाई में तटबंध क्षतिग्रस्त हो गया है। जिसके परिणाम स्वरुप बैरिया प्रखंड के फुलियाखाँड़, शामपुर एवं शीरोजपुर ग्राम के नीचले क्षेत्र में पानी के फैलाव तथा आवागमन एवं संपर्कता प्रभावित होने की संभावना है। इस बावत जिला प्रशासन ने बताया है कि संसाधन विभाग की टीम घटनास्थल पर है तथा तटबंध की मरम्मती का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। जिला प्रशासन, पश्चिम चम्पारण स्थिति पर निगरानी रख रहा है तथा आवश्यकतानुसार सभी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
एनडीआरएफ की 30 सदस्यीय टीम घटना स्थल पर है।

उधर बगहा अनुमंडल के चखनी का खैरटवा तटबंध लगभग 5 मीटर टूट गया है, लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने और जाने का आग्रह किया गया है।
जिला प्रशासन ने आमजनों से सावधानी बरतने का आह्वान किया है। प्रभावित अथवा संभावित रुप से प्रभावित नीचले क्षेत्र के लोग को तत्काल सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर चले जानें का आग्रह किया गया है।
प्रशासन एवं स्थानीय पदाधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। जलस्तर एवं मार्ग की स्थिति की पुष्टि किए बिना प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन से बचें। बच्चों, बुजुर्गों एवं अन्य संवेदनशील व्यक्तियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा केवल आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर विश्वास करने को कहा गया है। जिला प्रशासन ने आपातकालीन स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष से बचाव कार्य अथवा सहायता के लिए 06254-247002, 06254-247003 नंबर पर संपर्क करें। कृपया इस समाचार को सम्बंधित ग्राम वासियों एवं परिजनों तक पहुँचा कर अधिक प्रसारित कर उन्हें सतर्क करने का सामाजिक कार्य करें।
