Sat. Sep 19th, 2026

 

किशनगंज : राधाष्टमी के रंग में रंगी सरस्वती विद्या मंदिर की वंदना सभा। राधाष्टमी के पावन अवसर पर सरस्वती विद्या मंदिर सैनिक स्कूल मोतीबाग, किशनगंज की वंदना सभा राधा-कृष्ण प्रेम की भक्ति-धारा में सराबोर हो उठी। प्राथमिक खंड एवं विद्या मंदिर खंड की संयुक्त वंदना सभा में कीर्ति किशोरी श्रीराधा रानी की अष्टमी तिथि की पावनता, प्रेम, भक्ति और अस्मिता को समर्पित एक भावपूर्ण भजन का गायन विद्यालय के प्राचार्य नागेंद्र कुमार तिवारी द्वारा किया गया। भजन के माध्यम से वृंदावन की उन कुंज गलियों का अद्भुत भाव उभर आया, जहाँ कीर्ति किशोरी राधा रानी के साथ उन्मुक्त विहार करने वाले वृंदावन बिहारी नंदलाल गोपाल की प्रेममयी लीलाएँ भक्तों के हृदय को सदैव आनंदित करती हैं।
प्राचार्य नागेंद्र कुमार तिवारी के भावपूर्ण एवं मधुर गायन ने समस्त भैया-बहनों और आचार्यों को राधा-कृष्ण प्रेम की पावन मंदाकिनी में स्नान करने जैसा आध्यात्मिक अनुभव कराया। भजन की भावधारा इतनी प्रभावशाली रही कि पूरी वंदना सभा मानो ‘राधामय’ हो गई। गायन के उपरांत भैया-बहनों एवं आचार्यों की करतल ध्वनि ने वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो विद्यालय परिसर में आज वृंदावन की भक्ति, प्रेम और माधुर्य स्वयं उतर आया हो। राधे-राधे की गूंज से गुंजायमान वंदना सभा ने राधाष्टमी को प्रेम, भक्ति और श्रद्धा के अनुपम उत्सव में परिवर्तित कर दिया।

Spread the love

By Awadhesh Sharma

न्यूज एन व्यूज फॉर नेशन

Leave a Reply