Sat. Sep 19th, 2026

भारत विकास परिषद ने अनु.जाति बस्ती गम्हरिया के बच्चों के बीच बांटी पाठ्य सामग्री, शिक्षा के प्रति प्रेरित किया रक्सौल:  आर्थिक अभाव बच्चों की शिक्षा में बाधक न बने, इस उद्देश्य से भारत विकास परिषद, शाखा–रक्सौल की ओर से शुक्रवार को ग्राम पंचायत राज हरदिया स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, अनु बस्ती गम्हरिया में सेवा कार्य सम्पन्न हुआ। परिषद के तत्वावधान में विद्यालय में अध्ययनरत समाज के वंचित, जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के 150 बच्चों को किताब, कॉपी, पेन, पेंसिल सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गयी। पाठ्य सामग्री मिलते ही बच्चों के चेहरे खुशी और उत्साह से खिल उठे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत विकास परिषद शाखा–रक्सौल के अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने कहा कि शिक्षा सामाजिक समानता और सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम है। आर्थिक अभाव के कारण किसी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के हाथों में किताब देना केवल शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उनके सपनों को उड़ान देने की दिशा में एक सार्थक पहल है। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधान शिक्षिका रविता कुमारी को अंगवस्त्र, प्रतीक चिह्न एवं ‘भारत को जानो’ पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रधान शिक्षिका ने भारत विकास परिषद की इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य जरूरतमंद बच्चों के शैक्षणिक भविष्य को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम संयोजक जीतेन्द्र चौरसिया ने बच्चों को नियमित अध्ययन करने, अच्छे संस्कार अपनाने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। पर्यावरण संयोजक विजय कुमार साह ने शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी देते हुए बच्चों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश दिया। कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, संपर्क संयोजक उमेश सिकारिया एवं सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने कहा कि भारत विकास परिषद “सम्पर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण” के मूल मंत्र के साथ समाज के जरूरतमंद वर्ग तक पहुंचकर सेवा कार्य कर रही है। अजय कुमार ने कहा कि बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना समाज की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में शामिल है और ऐसे सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के शिक्षा एवं सामाजिक समानता संबंधी विचारों से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। बच्चों से शिक्षित होकर समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। मौके पर परिषद के जीतेन्द्र चौरसिया, सुनील कुमार, अजय कुमार, आलोक कुमार श्रीवास्तव, शरद सर्राफ, विजय कुमार साह, उमेश सिकारिया, बिमल कुमार सर्राफ एवं शैलेश कुमार सहित विद्यालय की प्रधान शिक्षिका रविता कुमारी, शिक्षिका कुमारी किरण, म. अफरोज आलम, मीना कुमारी, मनीषा सिंघल एवं रीता कुमारी उपस्थित रहीं। उपर्युक्त जानकारी परिषद के संपर्क संयोजक उमेश सिकारिया एवं सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने दी।

Spread the love

By Awadhesh Sharma

न्यूज एन व्यूज फॉर नेशन

Leave a Reply