Sun. Aug 9th, 2026

 

नटराज सेवा संगम कार्यालय में संगीतमय आयोजन, भारत माता और बंकिम चन्द्र चट्टोपाध्याय के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित

विमल सर्राफ

रक्सौल :  राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को भारत विकास परिषद, शाखा-रक्सौल के तत्वावधान में शहर के पोस्ट ऑफिस रोड स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर परिसर के नटराज सेवा संगम कार्यालय में संगीतमय वन्दे मातरम का सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुप्रसिद्ध संगीत गुरु संजय कुमार दास के संगीत संयोजन तथा श्रीराम-जानकी म्यूजिकल ग्रुप की व्यास सह-संचालिका जूही राज के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति के गीतों से पूरा परिसर गूँजा।कार्यक्रम में सरस्वती विद्या मंदिर की छात्राओं, भारत विकास परिषद रक्सौल शाखा के सदस्यों, नटराज सेवा संगम के कलाकारों तथा शहर के गणमान्य नागरिकों ने सामूहिक रूप से बंकिम चन्द्र चट्टोपाध्याय रचित राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ का गायन किया। सामूहिक गायन के दौरान उपस्थित लोगों में राष्ट्रभक्ति का जोश और जज्बा देखते ही बना।कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता एवं राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ के रचयिता बंकिम चन्द्र चट्टोपाध्याय के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। नटराज सेवा संगम के कलाकार धीरज कुमार के निर्देशन में एक छात्रा को भारत माता तथा एक विद्यार्थी को स्वामी विवेकानंद का स्वरूप प्रदान किया गया, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। भारत विकास परिषद, शाखा-रक्सौल के अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी एवं कार्यक्रम संयोजक अजय कुमार ने बताया कि संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार के दिशा-निर्देश के आलोक में 9 से 17 अगस्त तक बंकिम चन्द्र चट्टोपाध्याय रचित राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन, वन्दे मातरम् आधारित प्रदर्शनी, तिरंगा रैली/यात्रा, ‘सेल्फी विद तिरंगा’, तिरंगा रंगोली सहित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों में राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। फलस्वरूप इसी कड़ी में आज भारत विकास परिषद शाखा- रक्सौल के तत्वावधान में आयोजित सामूहिक वन्दे मातरम गायन कार्यक्रम में परिषद के सदस्यों के साथ-साथ सरस्वती विद्या मंदिर की छात्राएँ, नटराज सेवा संगम के सदस्य एवं नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से देश की एकता, अखंडता, राष्ट्रभक्ति और भारतीय संस्कृति के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया। भारत विकास परिषद के सचिव नरेश कुमार एवं सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने कहा कि परिषद सामाजिक सरोकारों के साथ-साथ युवा पीढ़ी में भारतीय संस्कृति, संस्कार, अनुशासन एवं देशप्रेम की भावना विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गायन केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। कार्यक्रम में शाखा के संरक्षक भरत प्रसाद गुप्त एवं अवधेश सिंह ने कहा कि राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन से परिषद नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन की प्रेरणाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।कार्यक्रम के अंत में श्रीराम जानकी म्यूजिकल ग्रुप की संचालिका व्यास जूही राज एवं संगीत गुरु संजय दास को अंगवस्त्र एवं मोमेंटो से सम्मानित किया गया तथा कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ। इस अवसर पर रक्सौल शाखा के संरक्षक भरत प्रसाद गुप्त, अवधेश सिंह, योगेन्द्र प्रसाद, नरेश कुमार, सुनील कुमार, अजय कुमार, दिनेश प्रसाद, विनोद कुमार,अरविंद जायसवाल, विवेक कुमार चौरसिया , धर्मनाथ प्रसाद, शरद सर्राफ, पन्नालाल प्रसाद, अंकेश्वर सर्राफ,नटराज सेवा संगम के धीरज कुमार, राजेश आर्य, सुरेश कुमार, बलराम प्रसाद, पूरन पटेल एवं सरस्वती विद्या मंदिर की छात्राएँ, आचार्य, आचार्या एवं कलवार कल्याण समिति रक्सौल के अखिलेश कुमार गुप्ता एवं नीरज गुप्ता समेत समेत शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इसकी जानकारी परिषद के सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने दी।

Spread the love

By Awadhesh Sharma

न्यूज एन व्यूज फॉर नेशन

Leave a Reply