Sat. Aug 8th, 2026

तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के बाद खिलाड़ियों में दिखा उत्साह, 9 अगस्त 2026 को भुवनेश्वर में प्रतियोगिता

मुजफ्फरपुर : स्लिंगशॉट फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय स्लिंगशॉट चैंपियनशिप- 2026 में भाग लेने के लिए बिहार स्लिंगशॉट टीम शुक्रवार को उड़ीसा के लिए प्रस्थान कर गई। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 9 अगस्त 2026 को डी.एस.वाई.एस. बिल्डिंग, भुवनेश्वर (उड़ीसा) में किया जाएगा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।प्रतियोगिता से पूर्व खिलाड़ियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर अरुणादित्य ट्रस्ट के सौजन्य से किलकारी बाल भवन, मुजफ्फरपुर में आयोजित की गई। शिविर में खिलाड़ियों को स्लिंगशॉट खेल की तकनीकी सूक्ष्मता, लक्ष्य साधने की विधि तथा प्रतियोगिता सम्बंधी विशेष प्रशिक्षण दिया गया।राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित बिहार टीम में सोहन राज, अभिषेक कुमार, आरव सिंह, आकाश कुमार, लक्षित झा, विशाल कुमार, शिवम राज, अर्चित सिन्हा, मयंक कुमार, अनिरुद्ध कुमार, गौतम कुमार, शुभम कुमार, ईशा, रौशनी कुमारी, वान्या एवं खुशी कुमारी शामिल हैं। टीम के प्रशिक्षक कृष्णा नंदन कुमार एवं दल प्रबंधक कायनात आफरीन टीम का नेतृत्व करेंगे। टीम के प्रस्थान के अवसर पर अरुणादित्य ट्रस्ट के सचिव कुमार आदित्य ने खिलाड़ियों एवं दल के सदस्यों को जर्सी, पैंट एवं लोअर प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बिहार की टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाएगी। इस अवसर पर एलिट स्लिंगशॉट एसोसिएशन ऑफ बिहार के सचिव विवेक वैभव, अध्यक्ष प्रशांत कुमार, उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिन्हा, राजीव कुमार सिन्हा, प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक पूनम कुमारी तथा गुलशन कुमार सहित अनेक खेल प्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Spread the love

By Awadhesh Sharma

न्यूज एन व्यूज फॉर नेशन

Leave a Reply