
पंचायतों को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी एवं सशक्त बनाना, पंचायत विकास दिवस पर जिला 303 पंचायत में कार्यक्रम आयोजित
apnibaat.org
बेतिया: पश्चिम चम्पारण जिला के 303 पंचायत के निर्वाचित सदस्यों, ग्राम सभा के सदस्यों, महिलाओं, युवाओं एवं अन्य हितधारकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा उनमें विकास सम्बंधी मुद्दों पर सार्थक संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से रविवार को पश्चिम चम्पारण के पंचायतों में पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पंचायत कार्यालय यथा पंचायत सरकार भवन, पंचायत भवन, एवं सामुदायिक भवनों में पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे अपराह्न तक आयोजित किया गया। कार्यक्रम के क्रम में ग्राम पंचायतों में संचालित विकास योजनाओं से ग्रामीणों को अवगत कराया गया तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। ई-ग्राम स्वराज, ई-पंचायत एवं अन्य ऑनलाइन पोर्टलों पर दर्ज योजनाओं, पंचायत की आय-व्यय, आगामी विकास कार्यों तथा पंचायत की आय के स्रोतों में वृद्धि के उपायों पर विचार विमर्श किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के मन की बात का 136 वाँ संस्करण का प्रसारण भी सुनाया गया। पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम के जुलाई माह का थीम सुशासनयुक्त पंचायत है, जिसमें सुशासन के माध्यम से ग्राम पंचायत के सभी निवासियों तक विभिन्न योजना के अन्तर्गत विकास के लाभों को उत्तरदायी सेवा एवं वितरण को पहुँचाना सुनिश्चित करना है। सुशासन तंत्र सुनिश्चित करने और स्थापित करने के लिए पारदर्शिता, टीमवर्क, प्रौद्योगिकी, समय सीमा एवं परिर्वतन दृष्टिकोण जो प्रमुख सुधारों और विकास के परिणामों को प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, जीविका दीदियों एवं अन्य हितधारकों से विकास सम्बंधी सुझाव एवं आकांक्षा प्राप्त की गईं। इन सुझावों की सूची तैयार कर निश्चय पोर्टल पर अपलोड की जा रही है, जिससे सम्बंधित विभागों के माध्यम से उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
जिला पंचायती राज पदाधिकारी सौरव आलोक ने प्रखण्ड चनपटिया, ग्राम पंचायत लखौरा के पंचायत सरकार भवन में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने बताया कि पंचायत विकास दिवस का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायतों में जनभागीदारी में वृद्धि तथा पंचायतों को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी एवं सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम ग्रामीणों को विकास प्रक्रिया से सीधे जोड़ने का प्रभावी मंच उपलब्ध कराता है। इससे पंचायत स्तर पर योजनाओं के सुदृढ़ क्रियान्वयन के साथ ग्रामीणों की अपेक्षाओं और आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर शामिल करने में सहायता मिलती है। पंचायत विकास दिवस पर जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार पेंशनधारियों के लिए जीवन प्रमाणीकरण एवं राशन कार्ड कैम्प का आयोजन भी किया गया।
