कृषक–वैज्ञानिक संवाद एवं ब्लैक बंगाल बकरियों का वितरण कार्यक्रम आयोजित

apnibaat.org
पटना : भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना द्वारा दिनांक 18 मार्च 2026 को अनुसूचित जाति उपयोजना के अंतर्गत ग्राम खैरिमल, जिला पूर्वी चम्पारण में कृषक–वैज्ञानिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 50 किसानों ने भाग लिया, जबकि 20 चयनित किसानों के बीच ब्लैक बंगाल नस्ल की बकरियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. शंकर दयाल, प्रधान वैज्ञानिक ने वैज्ञानिक पद्धति से बकरी पालन अपनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है। उन्होंने संतुलित आहार, उचित प्रबंधन एवं नस्ल सुधार के महत्व को भी रेखांकित किया। डॉ. पी. के. राय, वरिष्ठ वैज्ञानिक ने बकरियों के स्वास्थ्य संरक्षण पर विस्तृत जानकारी देते हुए टीकाकरण एवं कृमिनाशन को अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य देखभाल से रोगों की रोकथाम संभव है, जिससे पशुपालन अधिक लाभकारी बनता है।
कार्यक्रम के अंत में किसानों को ब्लैक बंगाल बकरियों का वितरण किया गया, जिससे क्षेत्र में वैज्ञानिक बकरी पालन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। किसानों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अपनी आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
