Tue. Mar 10th, 2026
बेतिया: पश्चिम चम्पारण जिला अंतर्गत लौरिया प्रखण्ड मुख्यालय के बागड़ कुंवर उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय में इंटरमीडिएट की लगभग 385 छात्राओं  का पंजीयन विद्यालय प्रशासन की लापरवाही व स्वेच्छाचारिता के कारण नहीं हो सका, जिससे उन्हें डमी पंजीयन नहीं मिल सका है। जिसको लेकर आक्रोशित छात्राओं ने मंगलवार को एनएच 727 को लगभग 45 मिनट तक अवरुद्ध कर विरोध प्रदर्शन किया।
जिसकी सूचना मिलने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनीष कर और लौरिया थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा दल-बल के साथ वहाँ पहुंचे और छात्राओं को समझाकर यातायात बहाल कराया। उन्होंने बताया कि उनका एक वर्ष व्यर्थ नहीं जाने दिया जायेगा।
पदाधिकारियों ने छात्राओं को आश्वासन दिया कि लापरवाही बरतने वाले दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस क्रम में विद्यालय के सभी शिक्षकों और छात्राओं की उपस्थिति पंजी की जांच भी की गई। छात्राओं ने आरोप लगाया कि इंटरमीडिएट रजिस्ट्रेशन में सरकार निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूली की गई है। उधर स्कूल के प्रधानाध्यापक देवकांत सिंह ने बताया कि उन्होंने 24 अप्रैल 2025 को विद्यालय का पदभार संभाला है।
रजिस्ट्रेशन सम्बंधित कार्य उनके कार्यभार संभालने के पूर्व का है। बीडीओ और बीओ ने कहा कि मामले की जांच कर वरीय पदाधिकारियों को संसूचित किया जाएगा।
Spread the love

By Awadhesh Sharma

न्यूज एन व्यूज फॉर नेशन

Leave a Reply

You missed