- डॉ. अनिल कुमार सिंह बने उपाध्यक्ष (पूर्वी क्षेत्र), इंडियन सोसाइटी ऑफ़ एग्रोनोमी के चुनाव में दर्ज की उल्लेखनीय जीत

नई दिल्ली : इंडियन सोसाइटी ऑफ़ एग्रोनोमी, नई दिल्ली द्वारा आयोजित उपाध्यक्ष (पूर्वी क्षेत्र) पद के लिए चुनाव 5 से 19 अप्रैल 2026 के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ जिसमें डॉ. अनिल कुमार सिंह, निदेशक (अनुसंधान), बिहार कृषि विश्वविद्यालय, भागलपुर ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते विजेता बन गये।
पूर्वी क्षेत्र में शामिल बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल तथा उत्तर-पूर्व के सात बहन राज्यों के कुल 568 पात्र सदस्य इस चुनाव में मतदान के लिए अधिकृत थे जिसमें से 299 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना के परिणामों के अनुसार, डॉ. अनिल कुमार सिंह को कुल 163 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी को 136 मत मिले। इस प्रकार डॉ. सिंह ने 54.52 प्रतिशत मत-प्रतिशत के साथ 27 मतों के अंतर से निर्णायक विजय प्राप्त की। जीत के बाद डॉ. अनिल कुमार सिंह ने सभी मतदाताओं और समर्थकों के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह विजय केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूर्वी क्षेत्र के कृषि वैज्ञानिकों के सामूहिक विश्वास और समर्थन का प्रतीक है। उन्होंने एग्रोनॉमी के क्षेत्र में अनुसंधान एवं विकास को और अधिक सशक्त बनाने, नवीन तकनीकों के प्रसार, तथा क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर वैज्ञानिक सहयोग को बढ़ावा देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही, उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि वे सोसाइटी के उद्देश्यों को आगे बढ़ाते हुए कृषि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के कुलपति, डॉ दुनिया राम सिंह, ने डॉ. अनिल कुमार सिंह को चुनाव में उनकी शानदार जीत पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। बिहार कृषि विश्वविद्यालय के एग्रोनॉमी विभाग सहित विश्वविद्यालय परिवार ने भी डॉ. अनिल कुमार सिंह को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। विभाग के संकाय सदस्यों और शोधार्थियों ने इसे विश्वविद्यालय के लिए गर्व का क्षण बताया और आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में एग्रोनॉमी के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त होंगी।
