बैरिया पुलिस से मिले फर्द बयान पर रामनगर थाना में एफआईआर
बीते 13 सितंबर की है घटना, मृतक संतोष की पत्नी ने आरोपियों पर जहर पिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया
बेतिया : पश्चिम चम्पारण जिला के तत्कालीन प्रभावी मंत्री पूर्णमासी राम, उनके भाई पूर्व एमएलसी राजेश राम समेत 5 पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज। संतोष राम को जहर पिलाकर हत्या करने के मामले में उसकी पत्नी ने पूर्व मंत्री व पूर्व एमएलसी व बगहा 2 निवासी पूर्णमासी राम व राजेश राम समेत पांच लोगों के विरुद्ध रामनगर थाना में एफआईआर दर्ज कराया है। पश्चिम चम्पारण जिला स्थित बगहा के पटखौली ओपी अंतर्गत नरईपुर निवासी मीरा देवी ने बीते 13 सितंबर 2023 को बैरिया पुलिस को दिये फर्द बयान के आधार पर गुरुवार को रामनगर थाना में बगहा शहर के पटखौली थाना क्षेत्र के नरायनापुर निवासी पूर्व मंत्री पूर्णमासी राम व उनके भाई पूर्व विधान पार्षद राजेश राम पर हत्या का मामला दर्ज कराया है। रामनगर थानाध्यक्ष अनंत राम के हवाले से बताया गया है कि पटखौली थाना क्षेत्र के नारायनापुर निवासी संतोष राम की पत्नी मीरा देवी के बयान कांड दर्ज कर पांच लोगों को नामजद किया गया है।
मामले की छानबीन जा रही है। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। नामजद लोगों में पूर्व मंत्री पूर्णमासी राम पूर्व एमएलसी राजेश राम, लौरिया निवासी फिरोज मियां व नरकटियागंज के हरदिया चौक निवासी राजकुमार का नाम शामिल है। आरोपियों पर जहर पिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। यह मामला विगत सितंबर 2023 का है। पटखौली थाना क्षेत्र के नरईपुर निवासी संतोष राम की पत्नी मीरा देवी ने पुलिस को बताया है कि उसके पति संतोष राम, राजेश राम के हरिनगर स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप विनय सर्विस स्टेशन पर काम करते थे। पूर्णमासी राम, राजेश राम व विनय राम ने उसके पति पर चार लाख अस्सी हजार रूपया चुराने का आरोप लगाते हुए, उन लोगो ने दो कट्ठा खेती की जमीन उसके पति से अपने नाम रजिस्ट्री करा लिया है। उनके पति आरोपियों के हरिनगर स्थित पेट्रोल पंप विनय सर्विस स्टेशन पर रह कर काम करते थे। वह 3 सितंबर से घर नही आए थे। उनके पति से फोन पर बात हो जाती थी। बीते 12 सितंबर को जब पति से उन्होंने मोबाईल पर बात करने का प्रयास किया तो उनका मोबाईल बंद मिला। फिर उन्होंने उनके साथ काम करने वाले राजकुमार को फोन किया, तो उसने बताया कि वह काम कर रहा है, लेकिन पति से बात नही करवाई। 13 सितंबर को फोन किया तो उसने बताया कि तुम्हारा पति शराब पीकर उल्टी कर रहा है, मैं बाद में बात करा दूंगा। उसी दिन शाम को राजेश राम उनके घर पर आए और बोले कि तुम्हारा पति शराब पीकर पंप पर उल्टी कर रहा है, जाकर ईलाज करवाओ। उसकी पत्नी भागी भागी हरिनगर पंप पर पहुंची। पति को लौरिया में एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। वहां स्थिति बिगड़ने पर उनको आस्था अस्पताल खिरिया घाट बेतिया रेफर कर दिया गया। वही चिकित्सा के क्रम उनकी मौत हो गई। उसने आरोपी लोगों पर जहर पिलाकर अपने पति की हत्या करने का आरोप लगाया है।