Tue. Jul 1st, 2025
 दिव्यांग पंच की गला दबाकर हत्या, शव खेत में फेंका
बेतिया : पश्चिम चम्पारण जिला के बेतिया पुलिस अंतर्गत चनपटिया थाना क्षेत्र के गीधा पंचायत वार्ड संख्या 04 के ग्राम पंच नगीना महतो (45 वर्ष) की हत्या शनिवार की रात कर दी गई। रविवार की सुबह घर से करीब ढाई सौ मीटर दूर गांव के बुनियादी विद्यालय के पास धान के खेत से पुलिस ने ग्रामीण पंच का शव बरामद किया है। पंच नगीना महतो शनिवार की शाम घर से लापता हुए। घटना की जानकारी मिलते ही चनपटिया पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जांच प्रारम्भ कर दिया। थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया पंच की हत्या गला दबाने जैसी प्रतीत हो रही है। चेहरे व दाहिने हाथ पर भी जख्म मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फिंगर प्रिंट से हत्या का कारण स्पष्ट हो पाएगा। मृतक पंच गीधा पंचायत के वार्ड संख्या- 04 के निवासी बताए गए हैं।
वे दोनों पैर से विकलांग रहे, ट्राई साइकिल से कहीं आते-जाते रहते थे। पंच नगीना महतो का शव मिलने की जानकारी, जैसे ही लोगों को मिली लोगों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों में कोहराम मच गया। घटना को लेकर  ग्रामीणों में  मातम के साथ-साथ आक्रोश भी है। शव मिलने के कुछ देर बाद ही सदर एसडीपीओ माहताब आलम घटनास्थल पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड की टीम भी पहुंची। पंच के गमछा को सूंघ डॉग गांव में घूमा। पुलिस को डॉग स्क्वायड की मदद से संतोषजनक साक्ष्य भी मिला है।
लाठी व गमछा देख शव तक पहुंचे परिजन
रविवार की सुबह लापता पंच की खोज करने निकले परिजनों को गीधा बुनियादी विद्यालय के समीप शीशम के पेंड़ के नीचे एक लाठी दिखाई दिया। सड़क के दूसरे तरफ खेत में लगे धान के पौधे पर किसी के घसीटे जाने का चिन्ह, देख परिजनों को  शक हुआ। वे इसके सहारे आगे बढ़े तो कुछ दूरी पर नगीना महतो का गमछा मिला, फिर थोड़ा आगे बढ़ने पर धान के खेत में फेका गया शव दिखा। परिजनों ने उन्हें पहचान लिया। उसके गले पर काला निशान व मुंह पर जख्म का निशान पाया गया। जिसके बाद शव देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।
मृतक को दो पुत्र व एक पुत्री
मृतक नगीना महतो को दो पुत्र व एक पुत्री है। बड़ा पुत्र अजय महतो (32 वर्ष) दिल्ली में तो वही छोटा पुत्र धामन महतो (27वर्ष) लुधियाना में रहकर किसी कंपनी में प्रवासी मजदूर, सभी विवाहित हैं। पिता की मौत की खबर सुनकर दोनों पुत्र घर के लिए रवाना हो गए हैं।
वार्ड सचिव पर हत्या का आरोप, एफआईआर दर्ज
पंच नगीना महतो के हत्या मामले में वार्ड सचिव व अन्य पर हत्या का आरोप लगा है। पंच की पत्नी फूलकुमारी देवी ने गांव के ही नारायण महतो के पुत्र अवध किशोर महतो (25 वर्ष) व अन्य के विरुद्ध चनपटिया थाना में एफआईआर दर्ज कराया है। जिसमें अवध किशोर महतो से पूर्व से विवाद की बात सामने आई है।  आरोपी अवध किशोर महतो गीधा पंचायत के वार्ड संख्या- चार का वार्ड सचिव है। आरोपी के घर पुलिस ने छापामारी की तो वह घर से फरार है। पुलिस कांड दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है। आरोपियों को गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है, जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Spread the love

By Awadhesh Sharma

न्यूज एन व्यूज फॉर नेशन

Leave a Reply