Tue. Oct 22nd, 2024

नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों के लिए 4.72 करोड़ से अधिक की कुल 55 विकास योजनाओं का लॉटरी से आवंटन

बेतिया। पश्चिम चम्पारण जिला मुख्यालय बेतिया नगर निगम क्षेत्र की 4.72 करोड़ से अधिक की 55 योजनाओं की लॉटरी से आवंटन बुधवार की शाम किया गया। सुविधा की दृष्टि से 55 ग्रुप में बंटी विकास योजनाओं की निविदा में शामिल कुल 48 संवेदकों के बीच लॉटरी निकाली गई। इन सभी विकास योजना आवंटन कार्य नगर निगम की महापौर गरिमा देवी सिकारिया, कार्यपालक अभियंता मो. अनवर हुसैन, नगर आयुक्त शम्भू कुमार की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कार्यक्रम में विशेष रूप से मुस्तैद महापौर गरिमा सिकारिया ने नगर निगम के निरीक्षी पदाधिकारी, साइट इंचार्ज और अन्य वरीय अभियंतागण के साथ संवेदकों को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की एक एक योजना में संवेदक गुणवत्ता, समयवद्धता का दृढ़ता पूर्वक अनुपालन पर ध्यान दें। उन्होंने संवेदकों से कहा कि प्रत्येक योजना के शिलापट पर अन्य के साथ आप लोगों का या आपकी एजेंसी का नाम होता है। योजना में खराबी या गड़बड़ी नजर आने पर लोग आपकी शिकायत और बेहतर दिखने पर आपकी प्रशंसा करते हैं। इस लिए जनता जनार्दन की प्रशंसा प्राप्त करने को अपनी सामाजिक छवि का लाभ मानकर कार्य को पूरा करें। इस दौरान सहायक अभियंता सुबोध कुमार, कनीय अभियंता मो.कयूम, कनीय अभियंता मनीष कुमार, अन्य अधिकारीगण, कर्मचारी की उपस्थिति महत्वपूर्ण रही।

Spread the love

By Awadhesh Sharma

न्यूज एन व्यूज फॉर नेशन

Leave a Reply