फतुहा में तीन की मौत के बाद क्षेत्र के लोग दहशतज़दा, खौफ़जदा
एन श्याम/अनमोल कुमार की रपट
बिहार की राजधानी पटना से लगभग 30 किलोमीटर दूर फतुहा अनुमंडल के सुरगा गांव में शुक्रवार की सुबह दो गुटों में जमकर गोलीबारी हुई। ताबड़तोड़ हुई गोलीबारी में तीन लोगों के मौत की खबर है, जबकि चौथा व्यक्ति बुरी तरह घायल होकर अस्पताल में जीवन मौत से संघर्ष करता बताया जा रहा है। मृतकों में जय सिंह, शैलेश सिंह और प्रदीप कुमार के नाम बताये गए है। इस घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में दहशत और खौफ का माहौल है। फतुहा के डीएसपी सियाराम यादव भारी संख्या में पुलिस बल के साथ घटना स्तर पर कैंप कर रहे हैं। डीएसपी के अनुसार गोलीबारी का कारण रुपये का लेनदेन और भूमि विवाद बताया जा रहा है। इस घटना की जानकारी मिलते पटना एसएसपी राजीव मिश्र घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस पदाधिकारी से वारदात का पूरा विवरण प्राप्त किया । एसएसपी ने बताया कि रुपये विवाद को लेकर शुक्रवार पंचायत बुलाई गई। जिसमें बगल के गांव नियाज़ीपुर के कुछ लोग आए । उन्हें एक गुट ने बुलाया, पंचायत के क्रम में विवाद बढ़ने के साथ फायरिंग होने लगी। लगभग 50 राउंड से ज्यादा फायर करने की बात लोगों ने बताया। जिसमें तीन व्यक्ति गोली लगने से घायल हुए, तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत्यु घोषित कर दिया। चौथा व्यक्ति भी अस्पताल में जीवन मौत से संघर्ष कर रहा है। एसएसपी पटना के अनुसार इस मामले में 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। घटनास्थल से एक राइफल और एक बंदूक भी बरामद किया गया है। पटना पुलिस स्थिति पर तीक्ष्ण दृष्टि रखी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटनास्थल एवं उसके आसपास के क्षेत्र पूरी तरह सैन्य छावनी में बदल गईं है। इस वारदात के बाद कई गांव में तनाव की खबर है। हालाकि एसपी का कहना है कि स्थिति पूरी तरह शांत और नियंत्रण में है।