मगही पान उत्पादक कल्याण समिति को मिला प्रतिष्ठित ‘प्लांट जीनोम सेवियर कम्युनिटी अवार्ड’
मगही पान के संरक्षण एवं संवर्धन को मिली राष्ट्रीय पहचान, बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के वैज्ञानिकों के अनुसंधान एवं तकनीकी सहयोग की प्रशंसा
apnibaat.org
पटना: बिहार की पारंपरिक कृषि विरासत और विशिष्ट पहचान वाले मगही पान के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है। नवादा जिला के हिसुआ प्रखंड अंतर्गत ढेवरी स्थित मगही पान उत्पादक कल्याण समिति को भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत पौधा किस्म एवं कृषक अधिकार संरक्षण प्राधिकरण (PPV&FRA) ने प्रतिष्ठित ‘प्लांट जीनोम सेवियर कम्युनिटी अवार्ड (Plant Genome Savior Community Award)’ से सम्मानित किया है।यह प्रतिष्ठित सम्मान 12 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित नेशनल एग्रीकल्चरल साइंस कॉम्प्लेक्स (NASC), पूसा के भारत रत्न सी. सुब्रमण्यम ऑडिटोरियम में आयोजित प्राधिकरण के 22 वें स्थापना दिवस एवं पुरस्कार वितरण समारोह में प्रदान किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधान सचिव डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र ने उपर्युक्त सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव अतिश चंद्रा, कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के सचिव एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के महानिदेशक डॉ. मांगी लाल जाट तथा राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण (NBA) के अध्यक्ष वीरेंद्र आर. तिवारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। ‘पुरस्कार ग्रहण करने के लिए’ बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के माननीय कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह, निदेशक अनुसंधान डॉ. ए. के. सिंह, क्षेत्रीय निदेशक, कृषि अनुसंधान संस्थान पटना, शिवनाथ दास तथा मगही पान उत्पादक कल्याण समिति के सदस्य संयुक्त रूप से उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री भारत सरकार के प्रधान सचिव डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र से यह प्रतिष्ठित पुरस्कार ग्रहण किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय एवं पान उत्पादक समिति के प्रतिनिधियों की संयुक्त उपस्थिति ने किसान-वैज्ञानिक सहभागिता और पारंपरिक कृषि विरासत के संरक्षण के साझा प्रयासों को प्रदर्शित किया। मगही पान की पारंपरिक किस्म के संरक्षण, उसके संवर्धन तथा कृषकों द्वारा पीढ़ियों से संरक्षित कृषि-जैव विविधता एवं पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण में समिति के योगदान को देखते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि न केवल नवादा और बिहार के पान उत्पादक किसानों के लिए गौरव का विषय है, बल्कि देश की पारंपरिक कृषि विरासत और जैव विविधता के संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहचान है। यह पुरस्कार उन किसान समुदायों एवं संगठनों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने पारंपरिक फसल किस्मों, उनके आनुवंशिक संसाधनों तथा किसानों के पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण, संवर्धन और उपयोग में उल्लेखनीय योगदान दिया है। मगही पान उत्पादक कल्याण समिति का इस सम्मान के लिए चयन बिहार की पारंपरिक कृषि विरासत और पान उत्पादक किसानों के वर्षों के अनुभव एवं सामूहिक प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान है। कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह ने दी बधाई, वैज्ञानिक अनुसंधान एवं किसान सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया । बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह ने मगही पान उत्पादक कल्याण समिति को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए बधाई देते हुए कहा कि “मगही पान को राष्ट्रीय स्तर पर यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलना बिहार के किसानों की मेहनत, उनके पारंपरिक कृषि ज्ञान और जैव विविधता संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। बिहार कृषि विश्वविद्यालय पारंपरिक फसलों के संरक्षण, वैज्ञानिक उत्पादन तकनीकों के विकास, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मगही पान जैसी विशिष्ट कृषि विरासत को संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दिशा में किसानों और वैज्ञानिक संस्थानों के बीच श्रेष्ठ समन्वय एवं सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। यह सम्मान अन्य किसान समूहों को भी अपनी पारंपरिक फसलों एवं स्थानीय कृषि संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रेरित करेगा।”कुलपति ने इस उपलब्धि के लिए मगही पान उत्पादक कल्याण समिति के पदाधिकारियों एवं किसानों के साथ-साथ बिहार कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों और संबंधित अनुसंधान केंद्र के सभी पदाधिकारी रएवं कर्मचारी के प्रयास की प्रशंसा किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय पारंपरिक कृषि फसलों की विशिष्टता बनाए रखते हुए आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों के माध्यम से उनके उत्पादन, गुणवत्ता और आर्थिक संभावनाओं को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मगही पान के संरक्षण में बिहार कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों की महत्वपूर्ण भूमिका
मगही पान को भारत सरकार से भौगोलिक संकेतक (GI Tag) प्राप्त हो चुका है। इसकी विशिष्ट पहचान, गुणवत्ता एवं पारंपरिक विशेषताओं के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के वैज्ञानिकों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विश्वविद्यालय के निदेशक अनुसंधान डॉ. ए. के. सिंह के मार्गदर्शन में वैज्ञानिकों द्वारा मगही पान की विशिष्टताओं के संरक्षण, वैज्ञानिक खेती को प्रोत्साहित करने, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन तथा पान उत्पादक किसानों को तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस कार्य में पान अनुसंधान केंद्र, इस्लामपुर के वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन, उन्नत उत्पादन पद्धतियों की जानकारी तथा पारंपरिक कृषि ज्ञान के वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण के माध्यम से मगही पान की खेती को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। वैज्ञानिक अनुसंधान और किसानों के पारंपरिक अनुभव के इस समन्वय ने मगही पान के संरक्षण एवं संवर्धन को नई दिशा प्रदान की है। मगही पान उत्पादक कल्याण समिति को मिला यह सम्मान किसानों के पारंपरिक ज्ञान, उनके सामूहिक प्रयासों तथा वैज्ञानिक संस्थानों के तकनीकी सहयोग के महत्व को भी रेखांकित करता है।
पारंपरिक कृषि विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि
मगही पान बिहार की विशिष्ट कृषि एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसकी खेती से जुड़े किसानों ने पीढ़ियों से इसकी पारंपरिक किस्मों, उत्पादन पद्धतियों और विशिष्ट गुणों को संरक्षित रखा है। ऐसे में इस सम्मान से न केवल मगही पान उत्पादक किसानों का उत्साहवर्धन होगा, बल्कि इसकी राष्ट्रीय पहचान और अधिक मजबूत होगी। यह उपलब्धि बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के किसान-केंद्रित अनुसंधान दृष्टिकोण तथा किसानों और वैज्ञानिकों के बीच प्रभावी समन्वय का भी प्रमाण है। इससे मगही पान के संरक्षण, वैज्ञानिक खेती, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन और पान उत्पादक किसानों की आजीविका को नई गति मिलने की उम्मीद है। मगही पान उत्पादक कल्याण समिति को प्राप्त यह राष्ट्रीय सम्मान बिहार की पारंपरिक कृषि संपदा, किसानों के पीढ़ियों से संचित ज्ञान और वैज्ञानिक अनुसंधान के समन्वित प्रयासों की गौरवपूर्ण पहचान है।
