apnibaat.org
पटना: ‘बचाओ अभियान’ के अंतर्गत भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना द्वारा दिनांक 10 नवंबर, 2026 को पटना जिला के नौबतपुर प्रखंड अंतर्गत चिरौरा ग्राम पंचायत के गोपालपुर गांव में संतुलित एवं विवेकपूर्ण उर्वरक उपयोग विषय पर किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. सोनका घोष, डॉ. एम. के. त्रिपाठी एवं डॉ. शिवानी ने किसानों को जानकारी दी। इसमें 52 पुरुष एवं 11 महिला सहित कुल 63 किसानों ने भाग लिया। वैज्ञानिकों ने मृदा स्वास्थ्य एवं सतत फसल उत्पादकता के लिए मृदा परीक्षण आधारित पोषक तत्व प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला। नाइट्रोजन उर्वरकों के अत्यधिक एवं असंतुलित प्रयोग से फसलों के गिरने, कीट एवं रोगों के प्रकोप, पोषक तत्व उपयोग दक्षता में कमी तथा खेती की लागत बढ़ने जैसे दुष्प्रभावों से किसानों को अवगत कराया गया। फसल की पोषक तत्व आवश्यकताओं एवं मृदा की उर्वरता के आधार पर संतुलित उर्वरक प्रयोग अपनाने पर विशेष बल दिया गया। किसानों को रासायनिक उर्वरकों के साथ जैविक खाद एवं जैव उर्वरकों के समन्वित उपयोग, हरी खाद, फसल अवशेष प्रबंधन, वर्मीकम्पोस्ट तथा फसल चक्र में दलहनी फसलों को शामिल करने की जानकारी दी गई। इन उपायों को मृदा की उर्वरता सुधारने, पोषक तत्वों के पुनर्चक्रण तथा दीर्घकालिक मृदा स्वास्थ्य बनाए रखने में उपयोगी बताया गया। कार्यक्रम में गांव के लिए उपयुक्त फसल विविधीकरण एवं समेकित कृषि प्रणाली के विकल्पों पर भी चर्चा हुई।
किसानों ने रबी दलहनी फसलों एवं सब्जियों की खेती तथा आय के स्रोतों में विविधता लाने के लिए अपने खेतों पर एकीकृत कृषि प्रणाली अपनाने में रुचि दिखाई। पशु रोग प्रबंधन एवं डेयरी पशुपालन को कृषि प्रणाली का हिस्सा बनाने संबंधी प्रश्नों पर भी वैज्ञानिकों ने मार्गदर्शन दिया। फसल एवं पशुधन आधारित गतिविधियों के एकीकरण से संसाधनों के उत्तम पुनर्चक्रण और कृषि आय बढ़ाने की संभावना पर विचार-विमर्श किया गया।
