Sat. Apr 25th, 2026

गयाजी में संतुलित उर्वरक उपयोग पर कृषि अनुसंधान परिसर, पटना द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

पटना : भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना द्वारा 23 अप्रैल, 2026 को गया जिले के टेकारी प्रखंड अंतर्गत गुलेरियाचक गाँव में संतुलित उर्वरक उपयोग विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कुल 46 किसान शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को मृदा स्वास्थ्य में सुधार एवं टिकाऊ फसल उत्पादन सुनिश्चित करने को उर्वरकों के संतुलित उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान वैज्ञानिकों ने किसानों को उनके खेतों के मृदा स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर उचित एन:पी:के अनुपात में उर्वरकों के प्रयोग की सलाह दी। साथ ही फसल चक्र एवं फसल विविधीकरण अपनाने, विशेषकर वर्तमान फसल प्रणाली में दलहनी फसलों को शामिल करने पर जोर दिया गया। मृदा उर्वरता एवं उत्पादकता बनाए रखने ढैंचा एवं सनई जैसे हरी खाद फसलों के उपयोग, गोबर की खाद तथा जैव उर्वरकों के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।

इस अवसर पर एक संवादात्मक सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों ने सक्रिय रूप से अपनी समस्याएं एवं जिज्ञासाएं साझा कीं। किसानों ने सरकारी प्रयोगशालाओं में मृदा परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराने की आवश्यकता व्यक्त की तथा ढैंचा एवं सनई के गुणवत्तापूर्ण बीजों की उपलब्धता की मांग की।  विभिन्न फसलों के लिए उपयुक्त उर्वरक मात्रा के संबंध में सुझाव भी मांगे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अजय कुमार, डॉ. ज्योति कुमार, पी. के. सिंह एवं अन्य कर्मचारियों की टीम ने किया। कार्यक्रम का समापन किसानों से यह आग्रह करते हुए किया गया कि वे मृदा स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन को अपनाएं, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ स्थिरता भी सुनिश्चित की जा सके।

Spread the love

By Awadhesh Sharma

न्यूज एन व्यूज फॉर नेशन

Leave a Reply