अज्ञात वाहन की ठोकर से कार्ड बांटकर लौट रहे दो युवक के साथ वर बनने वाला युवक भी घायल
apnibaat.org
लौरिया: लौरिया-बेतिया मुख्य मार्ग पर परसा मठिया चौक के पास शुक्रवार को हुए सड़क दुर्घटना ने एक परिवार का हर्ष विषाद में बदल दिया है। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को ठोकर मार दिया, जिससे तीन युवक गंभीर रुप से घायल हो गये। दुर्घटना उपरांत ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद कर्त्तव्य निर्वहन का रहे चिकित्सक ने तीनों की गंभीर स्थिति देखते हुए चिकित्सार्थ जीएमसीएच, बेतिया रेफर कर दिया। घायल युवकों में बथुवरिया थाना क्षेत्र के दिलरामपुर गांव निवासी विक्की कुमार, सूरज कुमार और संदीप कुमार बताये गए हैं। बताया जाता है कि विक्की कुमार का विवाह 30 अप्रैल 2026 को होना निश्चित किया गया है। वह अपने साथी के साथ विवाह का निमंत्रण कार्ड बांटने भैरोगंज गया और लौटने के क्रम सहयोगियों के साथ दुर्घटना का शिकार बन गया। दुर्घटना की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में विवाह की तैयारियां परवान पर रहा, वहीं वातावरण शोकाकुल हो गया है, गांव में भी इस दुर्घटना को लेकर गहरा शोक व्याप्त है।
