Wed. Mar 11th, 2026

राय बरेली की दिशा की बैठक में शामिल होंगे राहुल गाँधी

apnibaat.org

अमेठी/रायबरेली(उ. प्र.) नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का अमेठी–रायबरेली संसदीय क्षेत्र का दो दिवसीय क्षेत्र भ्रमण प्रस्तावित है। प्राप्त कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी 12 मार्च 2026 को फुरसतगंज एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे सीधे रायबरेली जाकर जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में शामिल होंगे। बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों के साथ क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। बैठक के उपरांत उनका रात्रि विश्राम भूएमऊ में निर्धारित है। क्षेत्र भ्रमण के दूसरे दिन 13 मार्च 2026 को सुबह राहुल गांधी जनता दर्शन कार्यक्रम में शामिल होकर क्षेत्र के लोगों से मुलाकात करेंगे तथा उनकी समस्याएं सुनेंगे। इसके बाद वे अमेठी जनपद के तिलोई विधानसभा क्षेत्र स्थित बहादुरपुर में नैना रिजॉर्ट पहुंचकर अमेठी संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी रणनीति तथा क्षेत्रीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इस क्रम में राहुल गांधी अमेठी के गौरीगंज क्षेत्र में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष स्वर्गीय योगेंद्र मिश्र के निवास पर आयोजित उनकी तेरहवीं (श्रद्धांजलि) संस्कार में शामिल होकर शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करेंगे। इस दौरान अमेठी के लोकप्रिय सांसद किशोरी लाल शर्मा की विशेष उपस्थिति रहेगी। उनके साथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल सहित अमेठी व रायबरेली के कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। कार्यक्रमों के उपरांत राहुल गांधी लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां से वे दिल्ली रवाना होंगे। उपर्युक्त जानकारी अनील सिंह प्रवक्ता जिला कांग्रेस कमेटी अमेठी ने पत्रकारों व मीडिया कर्मियों को दी।

Spread the love

By Awadhesh Sharma

न्यूज एन व्यूज फॉर नेशन

Leave a Reply