अमेठी : उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आज अमेठी जनपद में जिला कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल की अगुवाई में ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती एवं उनके शिष्यों के साथ हो रही कथित प्रताड़ना के विरोध में जिला पदाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार असहमति की आवाज़ों को दबाने की नीति पर लगातार आगे बढ़ रही है। जो भी व्यक्ति या संस्था सरकार की नीतियों पर सवाल उठाती है, उसे प्रताड़ना और दमन का सामना करना पड़ रहा है। इसी कड़ी में सनातन परंपरा के प्रतिष्ठित आध्यात्मिक पद पर आसीन शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी एवं उनके शिष्यों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है।
कुंभ के दौरान मौनी अमावस्या जैसे पवित्र अवसर पर शंकराचार्यजी एवं उनके शिष्यों को स्नान से रोका जाना,बटुकों की चोटी खींचकर अपमानित करना तथा थाना ले जाकर प्रताड़ित किया जाना अत्यंत निंदनीय है। इसके उपरांत शंकराचार्य जी, उनके शिष्य स्वामी मुकुंदानंद ब्रह्मचारी सहित अन्य सनातनी संतो के विरुद्ध यौन शोषण जैसे गंभीर आरोपों में एफ.आई.आर. दर्ज कराना,पूरे प्रकरण को संदेह के घेरे में खड़ा करता है। श्री सिंघल ने कहा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 25 एवं 26 धार्मिक स्वतंत्रता और धार्मिक संस्थाओं के स्वशासन का अधिकार सुनिश्चित करते हैं। ‘शंकराचार्य पद की गरिमा को ठेस पहुँचाना संविधान एवं सनातन संस्कृति दोनों का अपमान है’।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष,पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा धार्मिक स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन कार्यक्रम में विजय पासी,रामदत्त यादव,प्रवक्ता अनील सिंह,मतीन,वीरेंद्र मिश्र,अर्जुन पासी, शत्रुहन सिंह, सवीना, युका अध्यक्ष शुभम सिंह, महिला अध्यक्ष ममता पाण्डेय, किरण देवी, सर्वेश सिंह, रामलखन शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख सदाशिव यादव, श्रद्धा सिंह, अशोक शुक्ला, राम प्रसाद गुप्ता, सुनील सिंह, अरविन्द चतुर्वेदी सभी ब्लॉक अध्यक्ष वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
